ईश्वर में प्रेम | सदा ईश्वर में प्रेम रखो | सत्संग भजन करते रहो इसी में कल्याण है | Maharshi Mehi | Santmat Satsang | यहाँ सब कोई मुसाफिर हैं, फिर भी कहते हैं कि मेरा घर है।

ईश्वर में प्रेम 
प्यारे लोगो! 
संतों की वाणी में दीनता, प्रेम, वैराग्य, योग भरे हुए हैं। इसे जानने से, पढ़ने से मन में वैसे ही विचार भर जाते हैं। तभी निर्विकारता, विरक्ति आती है। इसलिए संतवाणी का पाठ अवश्य करना चाहिए। देखिए हमारी कैसी दशा है, हम अपने समय को फजूल बिताते हैं। अपने समय को फजूल नहीं बिताना चाहिए। जो समय निर्दिष्ट नहीं रखते वे भजन नहीं कर सकते हैं। जो नियम पूर्वक साधन नहीं करते और संयम से नहीं रहते वे भजन नहीं कर सकते हैं। पहले योग्य बनो तब अभिलाषा करो। केवल अभिलाषा से क्या  होता है। भजन करने की अभिलाषा यह है अपने को संयमित करना, ईश्वर प्रेमी बनना और विकारों से बचते रहना। लोभ- लालच परहेजगारी है। परहेज के बिना भजन में उन्नति नहीं हो सकती। योग्यता विहीन रहते हुए कोई भजन नहीं कर सकता है। संत कबीर साहब का वचन है- 

मोरे जियरा बडा अन्देसवा, मुसाफिर जैहौ कौनी ओर।।
मोह का  शहर  कहर नर  नारी, दुइ  फाटक  घनघोर।
कुमती नायक फाटक रोके, परिहौ  कठिन  झिंझोर।। 
संशय  नदी  अगाडी  बहती, विषम  धार  जल  जोर। 
क्या मनुवाँ तुम  गाफिल  सोवौ, इहवाँ मोर  न  तोर ।। 
निस दिन प्रीति करो साहेब से, नाहिंन कठिन कठोर। 
काम   दिवाना   क्रोध  है  राजा, बसैं  पचीसो  चोर ।। 
सत्त पुरुष इक बसैं पछिम दिसि तासों करो  निहोर । 
आवै  दरद  राह   तोहि  लावै, तब पैहो  निज  ओर ।। 
उलटि  पाछिलो   पैडो    पकडो, पसरा  मना बटोर। 
कहै कबीर  सुनो  भाइ  साधो, तब  पैहो  निज  ठौर ।। 

यहाँ सब कोई मुसाफिर हैं, फिर भी कहते हैं कि मेरा घर है। किसी को यह यकीन नहीं है कि मैं सदा नहीं रहूँगा। माया मुलुक को कौन चलावे संग न जात शरीर । हम किधर को जाएँगे, मालूम नहीं है। संत कबीर जी को बड़ी चिन्ता हो रही है कि संसार से जाना जरूर है। बहुत अन्देशे की बात है। लोग अपना मार्ग नहीं जानते कि कहाँ जाएँगे। यह संसार अज्ञानता का शहर है। इसमें दो जुल्मी फाटक है-एक पुरुष का देह है दूसरा स्त्री का देह है। स्त्री देह में आवे तो भी विकार, पुरुष देह में आवे तो भी विकार। यहाँ से जाने का विचार होता है तो कुबुद्धि उसको जाने नहीं देती। संसय में मत रहो, संसार से हटने (अनासक्त होने) की साधन करो। यहाँ गाफिल मत सोओ। यहाँ मेरा तुम्हारा कोई नहीं। सदा ईश्वर में प्रेम रखो। काम क्रोध लोभ और अहंकार बड़े कठिन कठोर हैं। यह सब शरीर के स्वभाव हैं। उनके वश जो रहते हैं, वे दुःख पाते हैं। जो साधु भजन करता है, उसकी वृत्ति प्रकाश में चली जाती है। उससे निहोरा करो। उस पुरुष का स्वभाव बाहर में बड़ा उत्तम होता है। वह बराबर भजन करता रहता है, जिससे उसका विकार दूर हो जाता है। उनको दया होगी और वे आपको सच्ची राह में लगा देगें। जो पुरुष सच्चा अभ्यासी हो, संयम-नियम से रहता हो उससे निवेदन करो। वह तुमको सही रास्ता पर चढ़ा देगा। उलटो अर्थात बहिर्मुख से अन्तर्मुख हो जाओ। नौ द्वारों से दसवें द्वार की ओर चलो, यह मकरतार है। आप जिस चेतन धारा से आए हैं वही आपका रास्ता है। वह चेतन धार ज्योति और शब्द रूप में है। अपने पसरे हुए मन को समेटो। सिमटाव होगा तो ऊर्ध्वगति होगी और ऊर्ध्वगति होने से अपने स्थान पर चले जाओगे। शब्द ही संसार का सार है। शब्द ही वह स्फोट है जिससे संसार बना है। सब बनावट कम्पनमय है। कम्प शब्दमय है। सृष्टि गतिशील, कम्पनमय है। जो उस शब्द को पकड़ता है वह सृष्टि के किनारे पर पहुँचता है। जिसके ऊपर सृष्टि नहीं है, वह परमात्मा है। मानसजप, मानसध्यान से दृष्टियोग करने की योग्यता होती है। दृष्टियोग से  शब्द मार्ग में चलने की योग्यता होती है। 
सद्गुरु वैद्य वचन विश्वासा।संयम यह न विषय की आशा । 
सद्गुरु वचन पर विश्वास करो, संयम से रहो सत्संग भजन करते रहो इसी में कल्याण है। 

🌼दान का महत्व🌼 Daan ka mahatva | एक बहुत प्रसिद्ध संत थे, जिन्होंने समाज कल्याण के लिए एक मिशन..... दान का स्वरूप दिखावा नहीं ....

🌼दान का महत्व🌼
एक बहुत प्रसिद्ध संत थे, जिन्होंने समाज कल्याण के लिए एक मिशन शुरू किया। जिसे आगे बढ़ाने के लिए उन्हें तन-मन-धन तीनों की ही आवश्यक्ता थी। इस कार्य में उनके शिष्यों ने तन-मन से भाग लिया और इन कार्य-कर्ताओं ने धन के लिए दानियों को खोजना शुरू किया।

एक दिन, एक शिष्य कलकत्ता पहुँचा। जहाँ उसने एक दानवीर सेठ का नाम सुना। यह जान कर उस शिष्य ने सोचा कि इन्हें गुरूजी से मिलवाना चाहिए, हो सकता है यह हमारे समाज कल्याण के कार्य में दान दे।

इस कारण शिष्य सेठ जी को गुरु जी से मिलवाने ले गए। गुरूजी से मिल कर सेठ जी ने कहा- हे महंत जी आपके इस समाज कल्याण में, मैं अपना योगदान देना चाहता हूँ, पर मेरी एक मंशा हैं जो आपको स्वीकार करनी होगी। आपके इस कार्य के लिए मैं भवन निर्माण करवाना चाहता हूँ और प्रत्येक कमरे के आगे मैं अपने परिजनों का नाम लिखवाना चाहता हूँ। इस हेतु मैं दान की राशि एवम् नामों की सूचि साथ लाया हूँ; और यह कह कर सेठ जी दान गुरु जी के सामने रख देते हैं।

गुरु जी थोड़े तीखे स्वर में दान वापस लौटा देते हैं; और अपने शिष्य को डाँटते हुए कहते हैं कि हे अज्ञानी तुम किसे साथ ले आये हो, ये तो अपनों के नाम का कब्रिस्तान बनाना चाहता है। इन्हें तो दान और मेरे मिशन दोनों का ही महत्व समझ नहीं आया है।

यह देख सेठ जी हैरान थे, क्यूंकि उन्हें इस तरह से दान लौटा देने वाले संत नहीं मिले थे। इस घटना से सेठ जी को दान का महत्व समझ आया कुछ दिनों बाद आश्रम आकार उन्होंने श्रध्दा पूर्वक हवन किया और निःस्वार्थ भाव से दान किया तब उन्हें जो आतंरिक सुख प्राप्त हुआ वो कभी पहले किसी भी दान से नहीं हुआ था।

Moral Of The Story:

दान का स्वरूप दिखावा नहीं होता जब तक निःस्वार्थ भाव से दान नहीं दिया जाता तब तक वह स्वीकार्य नहीं होता और दानी को आत्म-शांति अनुभव नहीं होती।

किसी की मदद करके भूल जाना ही दानी की पहचान है, जो इस कार्य को उपकार मानता है असल में वो दानी नहीं हैं ना उसे दान का अर्थ पता है।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-9 (वैश्विक चेतना | प्रत्युत्पन्नमतित्व | आतिथेयता | समाज-सुधारक | भ्रमणशीलता | सर्वज्ञता और अंतर्यामिता) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-9 
(वैश्विक चेतना | प्रत्युत्पन्नमतित्व | आतिथेयता | समाज-सुधारक | भ्रमणशीलता | सर्वज्ञता और अंतर्यामिता)

वैश्विक चेतना: 
इनकी चेतना वैश्विक रूप धारण किए हुए है। पश्चिमी देशों में भी संतों के ज्ञान के प्रचार-प्रसार हेतु ये कृतसंकल्प हैं। ये अपनी चेतना से वहाँ के कुछ लोगों को जाग्रत कर संतमत के प्रचार-प्रसार का दिशा-निर्देशन कर रहे हैं। इनकी चेतना विश्वकल्याण की भावना से परिपूरित है। 
प्रत्युत्पन्नमतित्व: 
इनमें प्रत्युत्पन्नमतित्व का गुण है। दैनिक वार्तालाप, विशेष अवसरों पर इनका यह गुण जगजाहिर होता है। एक बार की घटना है। नेपाल में ‘संतमत-सत्संग’ का आयोजन हुआ था। ये भी उस आयोजन में सम्मिलित हुए थे। सत्संग- समाप्ति के बाद, वहाँ के गणमान्य व्यक्तियों में से एक सज्जन ने मंच की कुर्सी पर गुरु महाराज की तस्वीर देखकर पूछा-‘आपलोग देवी-देवता की जगह गुरु की तस्वीर क्यों रखते हैं? यह बात हमारी समझ में नहीं आती।’ इन्होंने कहने की कृपा की-‘हमलोग भगवान को मानते हैं, इसलिए हमलोग भगवंत के भक्त हुए। अतः भगवंत की जो आज्ञा होगी, वह हमलोगों को माननी ही पड़ेगी।’ उस सज्जन ने जिज्ञासावश कहा-‘भगवन्त की क्या आज्ञा है?’ इन्होंने कहा- ‘भगवान श्रीराम ने शवरी के माध्यम से उपदेश दिया है कि ‘सातवँ सम मोहि मय जग देखा, मोतें संत अधिक करि लेखा’ अर्थात् सातवीं भक्ति है, समता-प्राप्ति और मेरे समान सबको देखना तथा मुझसे भी अधिक करके संत को मानना है। हमारे ही, गुण को मेरे मित्रों, सहयोगियों एवं विद्वानों गुरु महाराजजी संत हैं, इसलिए भगवंत के आज्ञानुसार उनको सबसे बढ़कर माना और उनकी तस्वीर को कुर्सी पर विराजमान किया है।’ 

आतिथेयता: 
इनके आतिथ्य-सत्कार-भाव से सभी अभिभूत रहते हैं। जो लोग भी आश्रम में आते हैं, ये उनकी सुख-सुविधा का पूरा ख्याल रखते हैं। ये उनकी छोटी-छोटी सुविधाओं पर भी ध्यान देते हैं। हरेक व्यक्ति को लगता है कि वह आश्रम का अतिथि नहीं, स्वयं महर्षि संतसेवी परमहंस का ही अतिथि है। 

समाज-सुधारक: 
ये एक सफल समाज-सुधारक हैं। नैतिक और स्वावलंबी जीवन के ये पक्षधर हैं। दैनिक जीवन में इनके साथ घटनेवाली हर घटना मानवमात्र को नैतिक जीवन के लिए प्रेरित करती रहती है। नैतिकता की स्थापना के लिए ये सतत प्रयत्नशील रहते हैं। एक बार की घटना है कि ये ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इनके सामनेवाली सीट पर एक सज्जन अपने पुत्र के साथ बैठे हुए थे। इन्हें साधुवेश में देखकर वे सज्जन इनसे विनम्रतापूर्वक बात करने लगे। बातचीत के क्रम में ही इन्होंने उनसे उनकी यात्रा का कारण पूछा। उक्त सज्जन ने बताया कि वे अपने लड़के का नाम विश्वविद्यालय में लिखवाने जा रहे हैं। इतना कहकर उन्होंने अपनी जेब से सिगरेट का पैकेट और माचिस निकाले। इन्होंने इस स्थिति को देखकर उनसे कहने की कृपा की-‘आपके पास तो पूर्णिमा और अमावस्या दोनों चीजें हैं।’ उक्त सज्जन ने कहा-‘महाराजजी! आपकी बात तो मेरी समझ में कुछ भी नहीं आयी कि आप क्या कह रहे हैं।’ फिर इन्होंने उनसे कहने की कृपा की-‘आप अपने लड़के का विश्वविद्यालय में नामांकन कराने जा रहे हैं, जिससे यह आगे पढ़-लिखकर कोई बड़ा आदमी बनेगा, तो इसका भविष्य उज्ज्वल होगा। दूसरी तरफ आप इसके सामने जो सिगरेट पीएँंगे और यह लड़का देखेगा, तो मन-ही-  मन सोचेगा, हमारे पिताजी बहुत पढ़े-लिखे आदमी हैं। इनकी समाज में अच्छी प्रतिष्ठा है। शायद सिगरेट कोई अच्छी चीज है, तब तो पिताजी इसे पी रहे हैं। जिससे आपकी देखा-देखी यह भी सिगरेट पीएगा। लड़के को पीने से यदि आप मना करेंगे या पीने के लिए पैसा नहीं देंगे, तो यह पैसे चुराकर सिगरेट खरीदेगा। यदि आप रोक लगाएँगे, तो घर के बदले यह दूसरी जगह से चोरी करके पैसा लाएगा। इस चौर्य कार्य में यदि पकड़ा गया, तो यह जेल में जाएगा, जिससे इसके भविष्य का जीवन अंधकारमय हो जाएगा। आपके पास पूर्णिमा और अमावस्या यानी प्रकाश और अंधकार दोनों हैं।’ इनकी विवेकभरी मार्मिक तथा हृदय को चुभनेवाली उपदेशात्मक बात को सुनकर उक्त महाशय ने गाड़ी की खिड़की से सिगरेट तथा माचिस का डिब्बा फेंकते हुए संकल्प किया कि लीजिए, अब मैं आज से सिगरेट कभी भी मुँह में नहीं लगाऊँगा। इस तरह की अनेकानेक घटनाएँ नित्यप्रति इनके कहने पर घटती रहती हैं।

भ्रमणशीलता
इनके स्वभाव में भ्रमण के प्रति गहरी रुचि है। देश-देशान्तर की यात्रा ये इसी उद्देश्य से करते हैं कि वहाँ के जनजीवन को समझें, वहाँ की परंपरा और संस्कृति को जानें। इससे इन्हें समन्वय के सूत्र ढूँढने में आसानी होती है। इनके भ्रमण में संतों के ज्ञान को जन-जन तक पहुँचाने की भावना मुख्य रूप से निहित है, जो इनके जीवन का महान लक्ष्य है। 

सर्वज्ञता और अंतर्यामिता
ये सर्वज्ञ हैं। इनकी दृष्टि अंतर्यामिता से युक्त है। इनकी दृष्टि में भूत, वर्तमान और भविष्य प्रत्यक्ष हैं। ऐसी अनेक घटनाएँ प्रकाश में आयी हैं, जिनसे इनकी सर्वज्ञता और अंतर्यामिता का पता चलता है। कुछ घटनाएँ प्रस्तुत अभिनंदन- ग्रंथ के संस्मरण-खण्ड में प्रकाशित हैं, जिनसे यह प्रमाणित होता है कि ये एक सिद्ध पुरुष हैं। निष्कर्षतः इनके जीवन और भव्य व्यक्तित्व की मनोरम झाँकी से यह ज्ञात होता है कि प्रारंभिक जीवनकाल से ही इनमें बुद्धि की कुशाग्रता, हृदय की विशालता, निर्लोभिता, दानशीलता और सात्त्विकता के गुण रहे हैं। बाल्यकाल से ही ये संवेदनशील रहे हैं। आध्यात्मिकता इनमें इसी समय से परिलक्षित होती हैं। इनका अध्ययन-क्षेत्र काफी व्यापक है। फलतः इनमें शास्त्रीय गरिमा आ पायी है तथा समन्वयवादी चेतना का विकास हुआ है। यही कारण है कि विश्व-वाङ्मय की व्यापक पृष्ठभूमि पर ये ‘संतमत’ का विवेचन-विश्लेषण प्रस्तुत करने में सक्षम हैं। 
परमाराध्य ब्रह्मलीन संत मेँहीँ परमहंस के साथ भ्रमण के क्रम में भारतीय समाज के अनेकानेक महान पुरुषों के सान्निध्य का लाभ भी इन्हें मिला है। उनके साथ विचारों के आदान-प्रदान से भी इनका व्यक्तित्व निखरा है। इनके व्यक्तित्व में सत्य, अहिंसा और मानव-कल्याण की भावना कूट-कूटकर भरी है। यह इनमें प्रायः गाँधीवादी युग की देन है। पर इनके व्यक्तित्व के पूर्ण निखार में परमाराध्य गुरुदेव संत मेँहीँ परमहंस की महती कृपा ही सर्वोपरि है। इनके पूर्ण निखरे हुए व्यक्तित्व का ही यह चुंबकीय प्रभाव है कि जब जालंधर में ये ‘संतमत-सत्संग’ के प्रचार- प्रसार-हेतु गए हुए थे, तो वहाँ कुछ लोगों ने इनसे कहा कि आपके ‘पटना साहब’ का प्रवचन हमलोगों ने पढ़ा है। गुरु गोविंद सिंहजी महाराज का जन्म पटना में हुआ था। वे जब पंजाब आए, तो यहाँ के लोगों ने उन्हें जाने नहीं दिया। हमलोग भी आपको बिहार वापस नहीं जाने देंगे। परमाराध्य संत मेँहीँ परमहंस ने अपनी कृपा का महत् फल अपने ‘अखिल भारतीय संतमत-सत्संग’ के उत्तराधिकारी महर्षि संतसेवी परमहंसजी महाराज के रूप में हमें सौंपा है। वस्तुतः परमाराध्य ब्रह्मलीन संत मेँहीँ परमहंस बिंब हैं और महर्षि संतसेवी परमहंसजी महाराज उनके प्रतिबिंब हैं।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-8 (मेधा का चरमोत्कर्ष | प्रज्ञा-पुरुष | समन्वय-साधना के जीवन्त प्रतीक | दर्शन और अध्यात्म के गहन अध्येता | अपरिग्रही जीवन | समदर्शिता | वत्सलता | विनोदप्रियता | लघुता में महत्ता) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-8 
(मेधा का चरमोत्कर्ष | प्रज्ञा-पुरुष | समन्वय-साधना के जीवन्त प्रतीक | दर्शन और अध्यात्म के गहन अध्येता | अपरिग्रही जीवन | समदर्शिता | वत्सलता | विनोदप्रियता | लघुता में महत्ता) 

मेधा का चरमोत्कर्ष: 
इनमें विलक्षण मेधा-शक्ति के दर्शन होते हैं। एक बार की घटना है कि ये पटना चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सक डॉ0 शारदा प्रसाद सिंहजी के साथ नालंदा की यात्रा पर थे। वहाँ इनकी मुलाकात नवनालंदा बौद्ध विहार के निदेशक भिक्षु जगदीश काश्यपजी से हुई वार्तालाप के क्रम में भिक्षु काश्यपजी ने इनसे कहा कि मैंने भगवान की सेवा बीस हजार पृष्ठों में की है। उनके कहने का आशय यह था कि उन्होंने 20,000 पृष्ठों में ‘त्रिपिटक’ का अनुवाद किया है। इस पर इन्होंने उन्हें भगवान बुद्ध के ये वचन सुनाए- 

नत्थिझानं अपळजस्स पळानत्थि  अझायतो। 
यम्हि झानळच पळाच स वे निव्वाण संतिके।
इसे सुनकर भिक्षु जगदीश काश्यप ने इनसे कहा कि यह ठीक ही है, मैंने ध्यान से सेवा नहीं की है। डॉक्टर साहब ने पूछा-‘भिक्षुजी! इन्होंने क्या कहा, जो आपने स्वीकृति दे दी। हमलोग तो कुछ समझे ही नहीं।’ इस पर भिक्षु जगदीश काश्यप जी बोले-‘इनका कहना सत्य है। ज्ञान के बिना ध्यान नहीं और ध्यान के बिना ज्ञान नहीं। जो ज्ञान और ध्यान दोनों रखते हैं, वे निर्वाण के समीप हैं। मैंने ज्ञान से तो भगवान की सेवा की है, पर ध्यान से सेवा नहीं की है। इसलिए ये ध्यान से सेवा करने के लिए कह रहे हैं। यह ठीक बात है।’ फलतः भिक्षु जगदीश काश्यपजी ने कालांतर में ‘संतमत-सत्संग’ में योग-साधना की दीक्षा परमाराध्य संत सद्गुरु मेँहीँ परमहंस से प्राप्त की।

प्रज्ञा-पुरुष:
ये एक प्रज्ञावान पुरुष हैं, जिसका संकेत इस घटना से मिलता है। एक बार ये गुरुदेव के साथ लखनऊ-प्रवास पर थे। वहाँ ये लोग श्री गंगाचरणलाल डी0आर0एम0, लखनऊ रेलवे के यहाँ टिके हुए थे। गंगाचरणलालजी को संपूर्ण ‘धम्मपद’ कंठाग्र था और उन्होंने लंका जाकर बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी। एक रात परमाराध्य गुरुदेव ने गंगाचरणलालजी से पूछा-‘बौद्ध धर्म में ईश्वर के संबंध में क्या कहा गया है?’ गंगाचरणलालजी ने गुरुदेव से कहा-‘इसमें ईश्वर की मान्यता नहीं है।’ गुरुदेव ने पुनः उनसे पूछा- ‘क्या भगवान बुद्ध ने ईश्वर को माना है?’ इसपर उन्होंने कहा-‘कहाँ माना है?’ गुरुदेव ने महर्षि संतसेवीजी की ओर देखा। इन्होंने गंगाचरणलाल जी से कहा-भगवान बुद्ध ने ‘धम्मपद’ के अत्तवग्गो में कहा है- 

अत्ता हि अत्तनो नाथे को हि नाथो परो सिया। 
अत्तना  व  सुदंतेन  नाथं लभति    दुल्लभं । 
अर्थात् मनुष्य अपना स्वामी आप है, उसका दूसरा स्वामी और कौन हो सकता है, जो अपने को अच्छी तरह दमन कर लेता है, वह दुर्लभ स्वामी को प्राप्त कर लेता है।’ उपर्युक्त बातें कहकर इन्होंने उनसे पूछा-‘‘ये दुर्लभ स्वामी कौन है?’ ‘नाथं लभति दुल्लभं’- यह नाथ कौन है? क्या वह ईश्वर नहीं है?’’ डी0आर0एम0 महोदय ऊपर की मंजिल से ‘धम्मपद’ ले आये और अत्तवग्गो के इस सूत्र को देखने के बाद इनसे कहा कि मुझे पूरा ‘धम्मपद’ याद है, पर इस पर कभी ध्यान ही नहीं दिया। इतना ही नहीं, इन्होंने डी0आर0एम0 साहब के समक्ष ‘धम्मपद’ के ही जरावग्गो की इन पंक्तियों को उद्धृत किया- 
गहकारक ! दिट्ठोसि   पुन  गेहं   न  काहसि । 
सब्बा ते फासुका भग्गा गहकूटं विसङ्खितं । 
विसङ्खारंगतं चित्तं तण्हानं  खयमज्झगा ।।
अर्थात् हे गृह के निर्माण करनेवाले! मैंने तुम्हें देख लिया, तुम फिर घर नहीं बना सकते। तुम्हारी कडि़याँ सब टूट गयीं, गृह का शिखर गिर गया। चित्त संस्काररहित हो गया, तृष्णाओं का क्षय हो गया। उपर्युक्त पंक्तियों को उद्धृत करने के पश्चात् इन्होंने पूछा-‘यह गृहनिर्माणकर्ता कौन है?’ डी0आर0एम0 महोदय-द्वारा यह कहे जाने पर कि वह तृष्णा है इन्होंने पुनः पूछा-‘गृहनिर्माण के बाद तृष्णा हुई कि पहले?’ डी0आर0एम0 महोदय जरावग्गो को उलटकर बोले कि यह भी ईश्वर की ओर संकेत करता है।

समन्वय-साधना के जीवन्त प्रतीक: 
ये संतों की समन्वय-साधना के जीवन्त प्रतीक हैं। अपने गुरुदेव की तरह ये भी ‘सार-सार को गहि लियो, थोथा दियो उड़ाय’ के पक्षधर हैं। किसी भी जाति-धर्म या मजहब के लिए इनके मन में विद्वेष नहीं है। ये सबके बीच एकता के सूत्र का प्रतिपादन करते हैं। इन्होंने भारत की महान सांस्कृतिक परम्परा के ज्ञान और परमाराध्य गुरुदेव के आशीर्वाद से मानवजीवन में समन्वय के सूत्र ढूँढ निकाले हैं। मानवजीवन का परम लक्ष्य यदि ‘आत्मानं विद्धि’ है, तो इसकी प्राप्ति का मार्ग, निस्संदेह एक ही हो सकता है, अनेक नहीं। सत्य की अभिव्यक्ति देश-काल और परिस्थिति के अनुकूल होने के कारण उनके बीच पार्थक्य दीखता है। परंतु यदि मोटी और बाहरी बातों को हटाकर देखा जाय, तो सबके बीच सत्य का आधार एक है। इन्होंने समन्वय के इसी सूत्र को मूल मंत्र माना है, जो इनकी ‘सर्वधर्म समन्वय’ नामक पुस्तक में पूर्णतः अभिव्यक्त हुआ है। 

दर्शन और अध्यात्म के गहन अध्येता: 
ये दर्शन और अध्यात्म के गहन अध्येता हैं। इन्होंने प्रायः पूर्वी और पश्चिमी सभी दार्शनिक विचारधाराओं का गहन अध्ययन किया है। कोई भी गूढ़ से गूढ़तर दर्शन या अध्यात्म के विषय हों, इन्होंने सबका अध्ययन कर उनके गूढ़ार्थ को खोला है। वैसे दार्शनिक और आध्यात्मिक विषय, जिनके लिए पूर्व के आचार्यों ने भ्रामक धारणाएँ फैला रखी थीं, इन्होंने अपने गहन अध्ययन और चिंतन के आधार पर उनका सूक्ष्म दार्शनिक विश्लेषण किया और उनके सही स्वरूप को सबके सामने रखा। 

अपरिग्रही जीवन:
इन्होंने अपने गुरुदेव की तरह अपरिग्रही जीवन को अपनाया है। न्यूनतम सुविधाओं के बीच जीवनयापन इनकी दिनचर्या है। संग्रह की वृत्ति से ये सदा दूर रहते हैं। लाखों-लाख सत्संगियों के द्वारा चढ़ाए गए रुपये, उपहार आदि को ये निस्संग भाव से जरूरतमंदों के बीच वितरित करते रहे हैं। इनका यह अपरिग्रही जीवन हमें पूर्व के ऋषि-मुनियों की याद दिलाता है। 

समदर्शिता: 
इनके लिए सभी समान हैं। न कोई बड़ा है और न कोई छोटा, न कोई धनी है और न कोई गरीब, न कोई विप्र है और न कोई शूद्र। जो भी इनके पास आते हैं, सबके साथ ये समान व्यवहार करते हैं। राजनयिकों से लेकर एक अदना कर्मचारी, विश्वविद्यालयों के बड़े-बड़े आचार्यों से लेकर अनपढ़ और बड़े-बड़े सेठ-साहूकारों से लेकर निर्धन मजदूर तक इनसे समान आदर पाते हैं। ये समान रूप से इन सबका आतिथ्य भी स्वीकार करते हैं। इनके पास आनेवाले ये सभी व्यक्ति इनमें अपने प्रति असमान व्यवहार नहीं पाते। यह इनके व्यक्तित्व की समदर्शिता का परिचायक है।

वत्सलता: 
इनमें वात्सल्य की पराकाष्ठा है। जीवमात्र के प्रति इनमें करुणा का भाव है। प्रत्येक मानव के कल्याण के लिए ही तो, ये आध्यात्मिकता का संदेश लेकर अपार कष्ट झेलकर भी सर्वत्र जाने को सदा प्रस्तुत रहते हैं। साथ-ही-साथ पशु-पक्षियों तथा क्षुद्र-से-क्षुद्र जीव-जंतुओं के प्रति भी इनके हृदय में करुणा का सागर लहराता रहता है। जीवमात्र के प्रति इनका यह करुणा का भाव ठीक वैसा ही है, जैसा कि किन्हीं माता-पिता के हृदय में अपनी संतान के प्रति होता है। 

विनोदप्रियता: 
ये विनोदी स्वभाव के हैं। नित्यप्रति के वार्तालाप में इनकी विनोदप्रियता झलक मारती रहती है। जब ये सत्संग-सभा में आध्यात्मिक प्रवचन करते होते हैं, उस समय भी ये विनोद की दो-चार बातें कर ही लेते हैं। इनसे सभा में उपस्थित जन को अध्यात्म का गंभीर, बोझिल वातावरण सहसा हल्का एवं आह्लादक महसूस होने लगता है।

लघुता में महत्ता: 
इनका व्यक्तित्व ‘लघुता में महत्ता’ का अप्रतिम उदाहरण है। इन्होंने सदा स्वयं को लघु ही दर्शाया है, परंतु इनके अनुयायियों ने इनकी उस लघुता में ही महत्ता के दर्शन किए हैं। इनकी यह लघुता भारतीय संस्कृति की गौरवमयी परंपरा के अनुरूप है। एक घटना से इनकी यह लघुता स्पष्ट रूप से हमारे सामने आती है। ‘महर्षि मेँहीँ-जन्मशती-अभिनंदन-ग्रंथ’ के संपादन के क्रम में, इन्होंने प्रधान संपादक की हैसियत से ‘निवेदन’ शीर्षक के अंतर्गत लिखा है, ‘òष्टा ने सृष्टि-सर्जन में गुण-दोषों का अद्भुत मिश्रण किया है। प्रस्तुत ग्रंथ भी विधि के इस विधान का अपवाद नहीं है। अध्येतागण हंस बन अवगुण-वारि का परिहार कर गुण-पय को स्वीकार करें। साथ का और दोष को मेरा मानकर उन्हें धन्यवाद दें तथा मुझे क्षमा करें।’ इस तरह इनकी इस लघुता में भी हमें इनकी महानता के दर्शन स्वतः ही हो जाते हैं।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-7 (संतमत-सत्संग’ का व्यापक विस्तार | भाषा-प्रेम | सुलेखन-कला | वाणी का वैभव | काव्यात्मक चेतना | विलक्षण स्मृति) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-7 
(संतमत-सत्संग’ का व्यापक विस्तार | भाषा-प्रेम | सुलेखन-कला | वाणी का वैभव | काव्यात्मक चेतना | विलक्षण स्मृति) 

‘संतमत-सत्संग’ का व्यापक विस्तार:
‘संतमत-सत्संग’ के उत्तराधिकारी और वर्तमान आचार्य होने के कारण महर्षि संतसेवी परमहंस का कार्यभार बढ़ा। ये ‘संतमत-सत्संग’ के प्रचार-प्रसार-हेतु अहर्निश प्रयत्नशील रहने लगे। परमाराध्य ब्रह्मलीन संत मेँहीँ परमहंस के विराट् व्यक्तित्व के अनुरूप महर्षि मेँहीँ आश्रम, भागलपुर में उनके समाधि-मंदिर की इन्होंने रूप-रेखा तैयार करवायी और उसके निर्माण-कार्य को नेतृत्व महर्षि संतसेवी -ज्ञान-गंगा प्रदान किया। इन्होंने ‘संतमत-सत्संग’ के व्यापक प्रचार-  प्रसार-हेतु अपने भक्तों  और अनुयायियों के साथ देश के विभिन्न भागों की यात्राएँ आरंभ कीं-स्थगित वार्षिक महाधिवेशनों की शुरुआत करवायी। इस क्रम में इन्होंने उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, बंगाल आदि प्रांतों की सघन यात्राएँ कीं। इनकी इन यात्राओं से ‘संतमत-सत्संग’ में दीक्षितों और उसके अनुयायियों की संख्या बढ़ी और देश के विभिन्न प्रांतों में संतमत-सत्संग के मंदिर और आश्रमों का निर्माण भी हुआ। परमाराध्य गुरुदेव के पदर्चिोंं पर चलते हुए इन्होंने भी जगह-जगह विशेष ध्यान-शिविरों का आयोजन प्रारंभ करवाया। ऋषिकेश और राजस्थान के पुष्कर में संपन्न हुए विशेष ध्यान-शिविरों ने आम लोगों को संतमत की योग-साधना के प्रति आकृष्ट किया। मार्च 1996 ई0 में अखिल भारतीय संतमत-सत्संग के 86वें वार्षिक महाधिवेशन, ऋषिकेश में देश-विदेश के धर्माचार्यों, महामंडलेश्वरों एवं विद्वानों ने इनको ‘महर्षि परमहंस’ की उपाधि से विभूषित किया। इनके द्वारा दीक्षित शिष्यों की संख्या आज लाख से अधिक है और उत्तरोत्तर लोग इनसे दीक्षा लेकर सन्मार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं। 

भव्य व्यक्तित्व की मनोरम झाँकी
वेश-भूषा: 
सुगठित छरहरा बदन, अद्भुत कांतियुक्त शांतिदायक मुखमंडल, बौद्धभिक्षु की याद दिलाता हुआ मुंडित सिर, शून्य में कुछ ढूँढते हुए-से सुदीप्त नेत्र, उन्नत ललाट, लंबी नाक, बड़े-बड़े कान, सत्पथ की ओर अग्रसर चरण और स्नेहाशीष के लिए सर्वदा उत्थित कर-कमल महर्षि संतसेवी परमहंस के व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाते हैं। ये सदा गैरिक वसन धारण करते हैं। कहीं चलते समय ये हाथ में एक छड़ी ले लेते हैं और पैरों में रबर की चप्पल अथवा कपड़े के जूते पहनते हैं। मौसम के अनुरूप ये खादी या ऊनी कपड़ों का व्यवहार करते हैं। धोती को ये आधा कमर में लपेटते हैं और आधी धोती कंधे पर डाल लेते हैं। ये पूरी बाँहों वाली गंजी और पूरी बाँह का कुरता पहनते हैं। शरदकाल में ये एक ऊनी स्वेटर पहनते हैं। उन दिनों ये कान तक ढँकनेवाली खादी कपड़े की गेरुए रंग में रंगी हुई टोपी पहनते हैं। इसके अतिरिक्त गेरुए रंग की चादर भी ओढ़ते हैं। 

भाषा-प्रेम: 
ये बहुभाषाविद् हैं। हिंदी, बांगला, मैथिली, अंगिका, माड़वाड़ी, फारसी, पंजाबी और अंग्रेजी भाषा के ये जानकार हैं। हिंदी भाषा के प्रति इनके मन में असीम अनुराग है। बचपन में इन्होंने व्यक्तिगत रूप से किसी मौलवी से कुछ दिनों तक फारसी भाषा पढ़ी थी। मैथिली तो इनकी मातृभाषा ही है। गुरुदेव के सान्निध्य में रहकर इन्होंने पंजाबी, बांगला और अंग्रेजी भाषा का विधिवत् ज्ञान प्राप्त किया है। भाषाओं के अनुरूप इन्हें देवनागरी, उर्दू, कैथी, गुरुमुखी, बांगला, रोमन लिपियों का भी अच्छा ज्ञान है। इनकी भाषा व्याकरणसम्मत होती है। तत्सम शब्दों की अधिकता लिए हुए इनकी भाषा भावों और विचारों को स्पष्टतः अभिव्यंजित करने की क्षमता रखती है। इनकी शब्द-योजना और वाक्य-संगठन मोहक हैं। इनकी भाषा में गजब का प्रवाह है। अनुप्रास इन्हें प्रिय है। उसे जुटाने में इन्हें प्रयास नहीं करना पड़ता। उसकी आकर्षक छटा इनकी भाषा में सर्वत्र छायी है। इनकी भाषा के अवलोकनार्थ इनका प्रकाशित साहित्य द्रष्टव्य है।
ये विभिन्न भाषाओं को इतने शुद्ध और स्वाभाविक रूप से बोलते हैं कि सुननेवालों को कभी विश्वास ही नहीं होता कि वे इनकी मातृभाषा नहीं हैं। एक बार ये ट्रेन से आ रहे थे। इनकी बगल में बैठे एक बांगलाभाषी सज्जन ने इनसे बांगला भाषा में बात-चीत शुरू की। ये भी बांगला में ही बोलने लगे। भाषा की शुद्धता और सहज उच्चारण देखकर, इन्हें उस बंगाली सज्जन ने बंगालवासी ही समझ लिया और आत्मीयतापूर्वक पारिवारिक सुख-दुःख की कथाएँ इन्हें कह सुनायीं। जब ये अगले स्टेशन पर उतरने लगे और वहाँ स्वागतार्थ आए व्यक्तियों से अंगिका भाषा में बोलने लगे, तो बंगाली महोदय को इनके बिहारी होने का भान हुआ। ग्रंथों के शुद्ध पाठ पर भी इनका विशेष ध्यान रहता है। यह भी इनके भाषा प्रेम का ही परिचालक है। एक छोटी-सी घटना से इनका यह भाषा-प्रेम उजागर होता है। एक बार परमाराध्य गुरुदेव सायंकालीन सत्संग में कुर्सी पर विराजमान थे। सत्संग में स्तुति-प्रार्थना के बाद गुरुदेव के आज्ञानुसार संतवाणियों का पाठ प्रारंभ हुआ। गुरुदेव ने अभेदानन्दजी से संत गुलाल साहब की वाणी- ‘उलटि देखो घट में जोति पसार।’ गाने को कहा। उन्होंने गाना आरंभ किया, पर गुरुदेव ने गाने से उन्हें रोक दिया। फिर एक अन्य आश्रमवासी को गाने के लिए कहा। दो शब्द गाने के बाद उन्हें भी रोक दिश। फिर गुरुदेव ने इन्हें गाने के लिए कहा। ये पूरा भजन गाए। आरती के बाद गुरुदेव ने उक्त दोनों सज्जनों से कहने की कृपा की- ‘‘उलटि’ के ‘ट’ में ह्रस्व ‘इ’ की मात्रा है, आप दोनों ने दीर्घकर के गाया था। इसलिए गाना बंद करवा दिया। संतसेवीजी ठीक से गाये। अब आपलोग भी ठीक से गाइएगा।’’ 

सुलेखन-कला :
इनकी लिखावट मोती के दानों की सजावट की भाँति होती है। इनमें यह कला बचपन से ही है। इनके सुलेख देखकर लोग आश्चर्यचकित हो जाते हैं। कभी-कभी तो लोग भ्रमवश उसे प्रेस का मुद्रित सामग्री ही समझ बैठते हैं। 

वाणी का वैभव: 
इनकी वाणी में चिंतन और मनन के धरातल पर जहाँ एक ओर तार्किक गुरु-गंभीरता है, वहीं दूसरी ओर स्वानुभूत सत्य की भावाभिव्यक्ति का आकर्षण है। इन दोनां के मणिकांचन संयोग से इनकी वाणी स्वतः ही वैभवयुक्त हो जाती है। इनकी ओजस्विनी वाणी में चुंबकीय आकर्षण है। दर्शन की वैचारिक पृष्ठभूमि और स्वानुभूत सत्य के निरूपण के फलस्वरूप स्वतः ही इनके शब्द-संयोजन में एक संगीत की सृष्टि हो जाती है। इनकी वाणी में आरोह और अवरोह के सृजन, शब्द और अर्थ के अनुरूप अनायास ही होते चलते हैं। इस तरह इनके सांगीतिक स्वर से विमुग्ध होकर श्रोता इनके वशीभूत हो जाते हैं। 

काव्यात्मक चेतना: 
इनकी चेतना मूलतः काव्यात्मक है। इन्हें एक कवि का हृदय मिला है। जीवन और जगत को देखने की इनकी दृष्टि एक कवि की है। संसार की असारता और परमात्मा की नित्यता के बीच ये एक लय की खोज में सतत संलग्न रहते हैं। जीवन और जगत के प्रति इनका यह लयात्मक भावबोध इन्हें स्वतः ही एक कवि के रूप में उपस्थित कर देता है, जिसका निदर्शन हमें इनके साहित्य और प्रवचनों में होता है। इनका संपूर्ण साहित्य हमें गद्य-गीत की याद दिलाता है। इन्होंने कुछ कविताओं की भी रचना की है। 

विलक्षण स्मृति:
इनकी स्मरण-शक्ति अप्रतिम है। बाल्यकाल इनकी लिखावट मोती के दानों की सजावट में पढ़े गये पाठ इन्हें आज भी याद हैं। कोई भी ग्रंथ या कोई भी पाठ, जिसे ये एक बार पढ़ या सुन लेते हैं, इन्हें उसकी स्मृति रहती है। यही कारण है कि विश्व-वांगमय में ज्ञात, जो भी साहित्य इन्होंने पढ़ा है, उन सबकी स्मृति इन्हें है। इनके प्रवचनों में इनके द्वारा दिए गए उद्धरणों से इस बात का पता चलता है।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-6 (यात्राएँ | विशेष व्यक्तियों से साहचर्य-संपर्क | परमाराध्य गुरुदेव का पुत्रवत् स्नेह | भावी उत्तराधिकार | आचार्यत्व का उत्तराधिकार) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-6 
(यात्राएँ | विशेष व्यक्तियों से साहचर्य-संपर्क | परमाराध्य गुरुदेव का पुत्रवत् स्नेह | भावी उत्तराधिकार | आचार्यत्व का उत्तराधिकार)      
यात्राएँ: 
इन्होंने गुरुदेव के साथ ‘संतमत-सत्संग’ के प्रचार-प्रसार-हेतु निरंतर यात्राएँ की हैं। महानगर से लेकर सुदूर देहात तक की यात्राओं में ये गुरुदेव के साथ रहे। इन यात्राओं में इन्होंने गुरुदेव की सेवा-सुश्रूषा में कोई कमी नहीं आने दी। उत्तर में कश्मीर से लेकर दक्षिण में महाराष्ट्र तक और पूरब में आसाम से लेकर पश्चिम में पंजाब तक की यात्राएँ इन्होंने की। अमृतसर के प्रसिद्ध दरबार साहब, आगरा के दयालबाग और स्वामी बाग, पुष्कर, ऋषिकेश, हरिद्वार, दिल्ली, राजगीर आदि में आयोजित विशेष सत्संग-सभाओं में ये गुरुदेव के साथ सम्मिलित रहे। सुदूर देहातों में, जहाँ आवागमन की सुविधा के नाम पर या तो पगडंडियाँ हैं या ऊबड़-खावड़ कच्ची सड़क, जिस पर बैलगाड़ी ही चल सकती है, ये गुरुदेव के साथ या तो पैदल चलते या फिर बैलगाड़ी पर। बैलगाड़ी के मध्य में सामान का गट्ठर लाद दिया जाता, गट्ठर के आगे गुरुदेव बैठा करते और पीछे की ओर ये बैठ जाते। इस तरह मीलों लंबी यात्राएँ तय की जातीं। यात्रा का एक प्रसंग है। ये गुरुदेव के साथ मोरंग (नेपाल) की यात्रा पर थे। गंतव्य स्थान तक पर पहुँचने के रास्ते में एक नदी पड़ती थी। स्नान-ध्यान का वक्त हो जाने की वजह से गुरुदेव के आदेश पर बैलगाड़ी नदी के किनारे ही खोल दी गयी। स्नान-ध्यान के बाद भोजन में पत्ते पर दही, चूड़ा और चीनी रखी गयी। इतने में जोरों से हवा चलने लगी और बालू के कण आकर भोजन में मिल गये। इन्होंने गुरुदेव के साथ बालू मिले भोजन को ही ग्रहण किया।

विशेष व्यक्तियों से साहचर्य-संपर्क :
ये अपने जीवन में विभिन्न विशेष व्यक्तियों के साहचर्य-संपर्क में आये। ऐसे व्यक्तियों में प्रमुख रूप से उल्लेख्य हैं-श्रीभूपेन्द्रनाथ सान्याल, श्रीजैन मुनि धनराज, श्रीजयदयालजी गोयन्दका, श्रीस्वामी रामसुख दासजी, आचार्य विनोवा भावे, आचार्य सुशील मुनि, श्रीप्रमुख स्वामीजी, बौद्ध भिक्षु जगदीश काश्यपजी, स्वामी हरिनारायण, श्रीआशाराम बापू, श्रीमोरारी बाबू, महर्षि महेश योगी, स्वामी सत्यानंद, महापंडित राहुल सांकृत्यायन, फादर कामिल बुल्के, पंडित परशुराम चतुर्वेदी आदि। इनके साहचर्य-संपर्क से ये विभिन्न नैतिक मूल्यों, अनेक प्रकार के सिद्धांतों और विविध जीवन-मान्यताओं से परिचित हुए। इनके परिप्रेक्ष्य में इन्हें ‘संतमत-सत्संग’ की विशिष्टता को समझने का मौका मिला। 

परमाराध्य गुरुदेव का पुत्रवत् स्नेह:
एक बार की घटना है। एक रात इन्होंने स्वप्न में देखा कि इनका शरीर श्मशान में मृत पड़ा हुआ है, जिसे दो गिद्ध नोंच-नोंच कर खा रहे हैं। ब्राह्ममुहूर्त्त में जब इनकी नींद टूटी, तो ये गुरुदेव को प्रणाम करने गए। उन्होंने इन्हें देखकर कहा-‘देखिए तो, मेरी चौकी के नीचे दो गिद्ध भी हैं?’ इन्होंने चौकी के नीचे देखकर कहा-‘हुजूर! गिद्ध तो नहीं हैं।’ गुरुदेव ने इनसे कहा-‘अच्छा, काल था, चला गया।’ ये परमाराध्य गुरुदेव के साथ कुप्पाघाट-आश्रम में प्रातःकालीन भ्रमण हेतु चले गये। इस भ्रमण के क्रम में ही अचानक एक कौआ ने इनके माथे पर झपट्टा मारना चाहा। वह कौआ क्रोध में इनकी ओर बढ़ा। परमाराध्य गुरुदेव ने ठीक उसी समय अपने आप बोलने की कृपा की- ‘भाग रे दुष्ट, भाग, पिता के रहते पुत्र को ले जाएगा? कदापि नहीं।’ ऐसी ही एक और घटना 1982 ई0 में घटी थी। दिनांक 29 दिसंबर की रात बीत चुकी थी। पौने तीन बजे का समय था। ये सोकर उठने ही वाले थे कि एकाएक इन्हें झपकी आयी और ये स्वप्न देखने लगे। इन्होंने देखा कि किसी नदी के किनारे सत्संग का विशाल आयोजन है। यत्र-तत्र के बहुत लोग वहाँ एकत्र हैं। वहाँ बहुत बड़ा पंडाल बनाया गया है। लोग पंडाल में और उसके बाहर इधर-उधर घूम रहे हैं। प्रातःकाल का सत्संग समाप्त हो चुका है। स्नान का समय होने के कारण जहाँ-तहाँ लोग स्नान भी कर रहे हैं। प्रातःस्मरणीय परम पूज्य गुरुदेव के आदेशानुसार उनके साथ ये भी नदी में स्नान करने जाते हैं। परमाराध्य गुरुदेव की धोती, लंगोटी आदि इनके पास हैं। गुरुदेव को स्नान करने के लिए जाते देखकर चार-पाँच और सज्जन इनके साथ हो गये। सब-के-सब गुरुदेव के निकट ही एकसाथ स्नान करने लगे। ये भी गुरुदेव की ओर देखते हुए स्नान करने लगे। गुरुदेव दो डुबकियाँ लगाकर अपने ही हाथों अपनी देह मलने लगे कि एकाएक वे पानी के वेग से वहीं पानी में गिर गये। इन्होंने दौड़कर उनको पकड़ना चाहा, किंतु नदी की वेगवती धारा में ये उनको पकड़ नहीं पाये। थोड़ी देर तक ये उनको भँसते देखते रहे। इस तरह गुरुदेव को भँसते देखकर इनकी छाती फटी जाती थी, किंतु कोई चारा नहीं था। गुरुदेव पानी के नीचे होते-होते लापता हो गये। ये सत्संगियों के साथ पानी में डूबकी लगाकर उनको काफी देर तक ढूँढते रहे, किंतु फिर भी उनका पता नहीं चला। ये व्याकुल और अधीर होकर रोने लगे। व्याकुलता इनकी बढ़ती ही चली गयी। कोई अवलंब इन्हें नहीं दीख पड़ा। दशों दिशाएँ इन्हें शून्य प्रतीत होने लगीं। ये क्या करें? किधर जाएँ? इस तरह के अनेक प्रश्न इनके मन को झकझोरने लगे। इन्हें ऐसा प्रतीत होने लगा कि इनकी हृदय-गति रूक जाएगी। इनके स्वप्न की यह स्थिति बनी ही हुई थी कि महाकरुणाकर गुरुदेव अपने कमरे से इनका नाम लेकर पुकारने लगे। इनकी नींद टूटी-इनका स्वप्न भंग हुआ और ये परमदेव के निकट जाकर उनके चरणों पर नतमस्तक हुए। संयोगवश, उस समय वहाँ गुरुसेवी श्रीभगीरथजी तथा महर्षि मेँहीँ परमहंस-पुस्तकागार के संचालक श्रीकेदारजी भी उपस्थित थे। परम कृपालु गुरुदेव ने इनसे पूछने की कृपा की- ‘क्या आप स्वप्न देख रहे थे?’ इन्होंने हाथ जोड़कर कहा-‘जी हाँ, स्वप्न देख रहा था।’ पुनः गुरुदेव ने पूछने की कृपा की-क्या देख रहे थे?’ ये कहना ही चाह रहे थे कि गुरुदेव इनसे पूछने लगे-‘आपका क्या विचार है?’ इन्होंने दीन भाव में कहा-‘हुजूर, मेरा क्या विचार होगा। जो हुजूर का विचार होगा, वही होगा।’ पुनः गुरुदेव ने इनसे पूछने की कृपा की- ‘नहीं, नहीं, आपका क्या विचार है?’ ये भीतर से प्रकंपित थे। ये कुछ कहना ही चाह रहे कि गुरुदेव ने इनसे कहा-‘बाबू अमर सिंह के यहाँ चलना है।’ इन्होंने साहस बटोरकर गुरुदेव से पूछा-‘किसे-किसे वहाँ चलना है हुजूर।’ आराध्यदेव ने कहा-‘मेरे साथ आपको तो चलना ही है।’ गुरुदेव के साथ जाने के वचन सुनकर इनका हृदय शांत हुआ। उपर्युक्त घटनाओं से यह जाहिर होता है। कि परमाराध्य गुरुदेव इनको पुत्रवत् मानते थे और इनको भी गुरुदेव का वियोग सह्य नहीं था। जाग्रत को कौन कहे, स्वप्न में भी गुरुदेव इन्हें अपने से वियुक्त रखना नहीं चाहते थे। 

भावी उत्तराधिकार: 
ऐसे अनेक अवसर आये जब परमाराध्य गुरुदेव ने इन्हें अपने भावी उत्तराधिकारी के रूप में प्रस्तुत किया। गुरुदेव बराबर कहा करते कि संतसेवीजी और मुझमें ‘क्यू’ और ‘यू’ का-सा संबंध है। यानी जैसे जहाँ ‘क्यू’ रहता है, वहाँ ‘यू’ भी रहता है। उसी तरह जहाँ मैं रहूँगा, वहाँ संतसेवीजी रहेंगे। मेरे बिना इनको नहीं बनेगा और इनके बिना मुझको नहीं बनेगा। ऐसे अवसर भी आए जब उन्होंने कहा-‘अब विशेष क्या कहूँ? संतसेवीजी बहुत कह चुके, उनसे जो सुने हैं, सो कीजिए। संसार के काम में कोई त्रुटि नहीं आएगी। मुझमें और संतसेवीजी में कोई फर्क नहीं है। जो मैं हूँ, सो संतसेवीजी हैं।’ महर्षि मेँहीँ आश्रम, कुप्पाघाट के सत्संग- प्रशाल में सत्संग के दौरान एक बार ये किसी अत्यावश्यक कार्यवश मंच से नीचे गये। इनके रिक्त स्थान की ओर इशारा करते हुए परमाराध्य गुरुदेव ने सत्संगप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘अगर कोई इनकी तरह बेसी जानते हैं, तो आवें और जहाँ संतसेवीजी बैठे थे, वहाँ बैठ जाएँ-यह भी होने योग्य नहीं है। इसलिए कोई नहीं आते हैं।’ 

आचार्यत्व का उत्तराधिकार:
गुरुदेव की अनवरत सेवा में इनका समय व्यतीत हो रहा था। जीवन के उत्तरकाल में गुरुदेव की यात्राएँ बंद हो गई थीं। अतः उन दिनों गुरुदेव की सेवा ही इनका एकमात्र लक्ष्य रह गया था। गुरुदेव की दिनचर्या इनकी बन गयी थी। गुरुदेव की सतत सेवा में इनकी संलग्नता की भावना को उस वक्त झटका लगा, जब 8 जून, 1986 ई0 को परमाराध्य संत मेँहीँ परमहंस इस भौतिक काया का परित्याग कर महापरिनिर्वाण को प्राप्त हुए। इनकी स्थिति अनाथ बालक की तरह हो गयी। इनके साथ ही लक्ष-लक्ष सत्संगीजन भी गुरुदेव के वियोग से विकल हो उठे। सबकी आँसूभरी आँखें इन्हें खोज रही थीं; क्योंकि उनके अवलंब अब एकमात्र ये ही थे। गुरुदेव के साथ हमेशा छाया की तरह रहकर ये सत्संगी- समाज को धैर्य, ज्ञान और साहस का पाठ पढ़ाते रहते थे। आज उन सत्संगियों के सिसकते हृदय को इन्हीं में गुरुदेव की झाँकी मिल रही थी। परमाराध्य संत मेँहीँ परमहंस के अग्रगण्य शिष्य और योग्यतम उत्तराधिकारी होने के नाते इन्होंने लाखों सत्संगियों के बीच गुरुदेव की भौतिक काया चंदन की चिता को अर्पित की, जिसे चिता की लाल-लाल लपटों ने अपनी गोद में समेट लिया। संतमत-सत्संगियों के बीच अब ये ही ब्रह्मलीन संत मेँहीँ परमहंस के एकमात्र उत्तराधिकारी दिखायी पड़े, जिनमें भक्त-जन संत मेँहीँ परमहंस की आध्यात्मिक विभूति के दर्शन कर सकते थे। परम संत बाबा देवी साहब से जो संतमत का दाय संत मेँहीँ परमहंस को मिला था और जिसे अपने परम शिष्य महर्षि संतसेवी परमहंस को सौंपा था, उस दाय का संबल लेकर अब महर्षि संतसेवी परमहंस ही भक्तजनों के सामने थे। गुरुदेव की पंचभौतिक काया की दाहक्रिया के अवसर पर देश-विदेश से कुप्पाघाट आश्रम, भागलपुर में लाखों भक्त उपस्थित हुए थे। परमाराध्य ब्रह्मलीन संत मेँहीँ परमहंस के पार्थिव शरीर के दाह-संस्कार के उपरांत महर्षि संतसेवी परमहंस ने असंख्य दीन-दुखियों के बीच अन्न और वस्त्र बाँटे थे। इन्होंने अनगिनत भक्तों और श्रद्धालुओं को भोजन करवाया था। परमाराध्य ब्रह्मलीन सद्गुरु को अपनी-अपनी श्रद्धांजलि देने के उपरांत सभी भक्तों ने उत्तराधिकारी के रूप में महर्षि संतसेवी परमहंस की जय-जयकार की और इन्हें ‘गुरुदेव’ की संज्ञा से अभिहित किया। संप्रति ये ही ‘संतमत-सत्संग’ के वर्तमान उत्तराधिकारी के रूप में पूजनीय हैं। ये ही उसके वर्तमान आचार्य हैं।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-5 (शब्द-साधना की दीक्षा | संन्यास-वेश | सफल संदेशवाहक | श्रुतिलेखन | परमाराध्य गुरुदेव से मानसिक संलग्नता | दीक्षा-गुरु के पद की प्राप्ति | गुरुदेव की सतत सेवा | आध्यात्मिक और दार्शनिक लेखन | संपादकीय सहयोग) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-5 
(शब्द-साधना की दीक्षा | संन्यास-वेश | सफल संदेशवाहक | श्रुतिलेखन | परमाराध्य गुरुदेव से मानसिक संलग्नता | दीक्षा-गुरु के पद की प्राप्ति | गुरुदेव की सतत सेवा | आध्यात्मिक और दार्शनिक लेखन | संपादकीय सहयोग) 

शब्द-साधना की दीक्षा: 
गुरुदेव की सेवा करते हुए इनका ध्यानाभ्यास भी चलता रहा। अंततः ध्यानाभ्यास में इनकी संलग्नता और इनकी पराकाष्ठा की गुरु-भक्ति से प्रसन्न होकर गुरुदेव ने 2 जून, 1952 ई0 को इन्हें ‘संतमत’ की सर्वोच्च साधना-विधि ‘सुरत-शब्द योग’ की दीक्षा दी।
संन्यास-वेश: 
सन् 1957 ई0 में गुजरात प्रांत के अहमदाबाद नगर में ‘अखिल भारतीय साधुसमाज’ का सम्मेलन हो रहा था। पूर्णियाँ जिले की इस साधु-समाज-समिति के सदस्यों ने संत मेँहीँ परमहंस से उक्त सम्मेलन में सम्मिलित होने का आग्रह किया। लेकिन, किसी कारणवश वे उसमें जाने का समय नहीं निकाल सके। परमाराध्य गुरुदेव संत मेँहीँ परमहंस, श्रीश्रीधर बाबा के साथ इन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजने के लिए सहमत हुए। ये श्वेत वस्त्र धारण करते थे। इसी अवसर पर 17 अक्टूबर, 1957 ई0 को गुरुदेव ने इनकी दाढ़ी-मूँछ और इनके सर के बालों का मुंडन करवाकर इन्हें गैरिक वस्त्र धारण कराया। ये गुजरात गये। ‘अखिल भारतीय साधुसमाज’ की सभा में इनका प्रवचन हुआ। इनके सारगर्भित आध्यात्मिक प्रवचन को सुनकर वहाँ के लोग मंत्रमुग्ध हो गए। 

सफल संदेशवाहक
गुरुदेव के सेवा-सान्निध्य में रहकर योग- साधना करते हुए इनका आधा दशक बीत गया। इस अवधि में ये सत्संग-सभाओं में केवल ग्रंथपाठ और गुरुदेव के प्रवचनों का श्रुति-लेखन करते अच्छी थी। गुरुदेव के सान्निध्य में वह और निखरी ही। पर अब गुरुदेव इनसे कभी-कभी सत्संग प्रारंभ करने को भी कहते। इसी दौरान इनकी मधुर आवाज और हिंदी भाषा के इनके उत्तम ज्ञान को देखते हुए सत्संगियों ने गुरुदेव से इन्हें भी प्रवचन करने की अनुमति देने की प्रार्थना की। अंततः गुरुदेव ने इन्हें नियमित रूप से प्रवचन करने की अनुमति दे दी और ये प्रवचन करने लगे। इन्हें प्रवचन करने की अनुमति देकर गुरुदेव ने मानो अपने एक सफल संदेशवाहक के रूप में इनका चयन कर लिया। गुजरात में संपन्न साधु-समाज सम्मेलन में हुए इनके गुरु-गंभीर प्रवचन ने इनकी जिस प्रतिभा को पहले ही सबके सामने ला दिया था, अब वह निरंतर निखरती गयी।

श्रुतिलेखन: 
परमाराध्य संत मेँहीँ परमहंस चार-चार घंटों तक अनवरत संतमत-संत्संगों में प्रवचन किया करते थे। उनके प्रवचनों को इन्होंने नियमित रूप से लेखनीबद्ध करना जारी रखा। संकेत-लिपि से परिचय नहीं होने के बावजूद भी इन्होंने देवनागरी लिपि में ही अतिशीघ्रतापूर्वक उन्हें पूरा-पूरा लिखा और बाद में ‘शांति-संदेश’ नाम की मासिक पत्रिका में ‘सत्संग-सुधा’ शीर्षक के अंतर्गत उनको प्रकाशित कराया। श्रुतिलेखन के क्रम में इन्होंने कभी भी परेशानी का अनुभव नहीं किया। ये सहज भाव से प्रवचनों को लिखते रहे। युग-युग तक विश्वमानवता को सन्मार्ग दिखानेवाला परमाराध्य संत मेँहीँ परमहंस के प्रवचनों को लिपिबद्ध कर उन्हें जन-जन तक पहुँचाने के इस स्तुत्य कार्य के लिए कोटि-कोटि जन इनके सदा ऋणी रहेंगे। 

परमाराध्य गुरुदेव से मानसिक संलग्नता
गुरुदेव के सान्निध्य में ये बहुपठित, बहुश्रुत, रहे। अध्यापनकाल से ही इनकी हिंदी भाषा काफी और श्रुतधर हो गये। गुरुदेव की अहैतुकी कृपा से इनके मस्तिष्क को अद्भुत ज्ञान-कोष कहने में कोई अत्युक्ति नहीं। सत्संग के समय यदि गुरुदेव महर्षि संतसेवी -ज्ञान-गंगा कहने में कुछ भूल जाते, तो वे इनकी ओर देखने लगते। वे जो कहने में भूल जाते, ये झट उन्हें कह देते। मानो जो वे कहना चाहते हों, ये पूर्व से ही जानते हों। तभी तो गुरुदेव प्रायः कहा करते, ‘महावीरजी मेरे मस्तिष्क हैं।’ 

दीक्षा-गुरु के पद की प्राप्ति:
शारीरिक रूप से अशक्त हो जाने पर गुरुदेव ने सन् 1970 ई0 में इन्हें अपनी दीक्षा-पुस्तिका सौंपते हुए आदेश दिया-‘लीजिए, आज से आप ही मेरे बदले दीक्षा दीजिए।’ इस प्रकार परमाराध्य गुरुदेव से इन्हें ‘संतमत’ की योग-साधना की दीक्षा देने का अधिकार प्राप्त हुआ। हालाँकि बहुत पहले से ही, कभी-कभी गुरुदेव की आज्ञा से ये दीक्षा लेनेवालों को दीक्षा दिया करते थे। 

गुरुदेव की सतत सेवा: 
इन्होंने जीवनपर्यंत गुरुदेव की सेवा की। इनकी अनन्य गुरुभक्ति एक आदर्श उपस्थित करती है। इन्होंने ‘आज्ञा सम न सुसाहिब सेवा’ की उक्ति को चरितार्थ किया। छोटे-से-छोटा काम भी ये गुरुदेव की अनुमति पाये बिना नहीं करते थे। मनसा-वाचा-कर्मणा इन्होंने अपने को उनके साथ जोड़े रखा। ये सदैव गुरुदेव के आय-व्यय का लेखा-जोखा रखते थे और उसे महीने के अन्त में उन्हें दिखा दिया करते थे। एक पैसे की गड़बड़ी होने पर भी पूरे महीने का हिसाब ये फिर से लिखकर दिखाया करते। हिसाब के अंत में गुरुदेव अपने दस्तखत कर दिया करते थे। गुरुदेव की अपूर्व विश्वसनीयता इन्हें प्राप्त थी। एक-दो दिनों के लिए भी किसी आवश्यक कार्यवश ये उनसे दूर हो जाते, तो गुरुदेव को इनकी अनुपस्थिति खलने लगती थी। कोई अन्य व्यक्ति इनके अभाव की पूर्ति करने में उन्हें सक्षम नहीं दीखते। गुरुदेव के जीवन के उत्तरकाल में ही जब उनकी सेवा में इनके अतिरिक्त और भी कुछ संन्यासी सेवक आये, फिर भी उनके सभी सेवा-कार्यों का सम्पादन इनके बिना सुचारु रूप से नहीं हो पाता था। इनकी आवश्यकता उनके सेवा-कार्यों में हो ही जाती। ब्राह्ममुहूर्त्त में  उठकर दतवन-आचमन कराना, सुबह-शाम हाथ-पाँव धुलाना, स्नान-भोजन कराना, नख काटना, उनके औषधि सेवन का ख्याल रखना, उनके नाम से आये पत्रों को उन्हें पढ़कर सुनाना और उनसे पूछकर उनके उत्तर देना-ये सारे सेवाकार्य इन्हीं के द्वारा संपादित होते थे। दशनार्थी, जिज्ञासु एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को में ही गुरुदेव तक पहुँचाते। गुरु देव के दर्शनार्थ आये हुए अभ्यागतों के भोजन, आवास आदि की व्यवस्था भी यही करते थे। इन सारे कार्यां के लिए इनके समान कोई दूसरा व्यक्ति नहीं हो पाया। गुरुदेव की सेवा में सतत संलग्न रहने के कारण इन्होंने बहुलांश में उनके गुणों को आत्मसात कर लिया है। अतः परमाराध्य गुरुदेव इनमें प्रतिबिंबित होते रहते हैं। 
आध्यात्मिक और दार्शनिक लेखन: 
सन 1950 ई0 से ही ‘संतमत-सत्संग’ की मासिक पत्रिका ‘शांति-संदेश’ में विधिवत् आध्यात्मिक और दार्शनिक निबन्ध लिखते रहे। ये ही निबंध इनकी विभिन्न पुस्तकों के रूप में प्रकाशित हुए हैं। इनके लेखन में दार्शनिक गंभीर चिन्तन, आध्यात्मिक सुलझे विचार और साधनात्मक अनुभूति की झाँकी देखते बनती है।

संपादकीय सहयोग: 
गुरुदेव के प्रवचनों के संपादन के अतिरिक्त इन्होंने उनके द्वारा रचित ‘संतवाणी-सटीक’, ‘श्रीगीता-योग-प्रकाश’, ‘महर्षि मेँहीँ-पदावली’, ‘वेद-दर्शन-योग’, ‘सत्संग-सुधा’ तथा ‘ईश्वर का स्वरूप और उनकी प्राप्ति’ तथा ’ज्ञानयोगयुक्त ईश्वर-भक्ति’ के संपादन और प्रकाशन में सहयोग दिया है।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-4 (मनिहारी-प्रवास | गुरुदेव का स्थायी सान्निध्य | दर्शन और आध्यात्मिक ग्रंथों का गहन अध्ययन | नवीन नामकरण) Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-4 
(मनिहारी-प्रवास | गुरुदेव का स्थायी सान्निध्य | दर्शन और आध्यात्मिक ग्रंथों का गहन अध्ययन | नवीन नामकरण)      
मनिहारी-प्रवास:
मनिहारी के कुछ सत्संगियों ने गुरुदेव से प्रार्थना की- ‘‘ये तो ‘संतमत-सत्संग  मंदिर’ में रहते ही हैं। अगर अपना कुछ समय निकालकर ये हमारे बच्चों को पढ़ाने में दिया करें, तो उनको भी कुछ लाभ हो जाए और इनके सत्संग से हमें भी कुछ लाभ हो जाए।’’ गुरुदेव ने इन्हें पढ़ाने का आदेश दे दिया। ये मनिहारी के दुर्गास्थान में जाकर बच्चों को पढ़ा आया करते। पर कुछ दिनों के बाद समयाभाव के कारण इन्होंने गुरुदेव की आज्ञा से पढ़ाने का काम छोड़ दिया। सत्संगियों ने पुनः गुरुदेव से इसके लिए विनती की। अब ये सत्संग-आश्रम में ही बच्चों को पढ़ाने का कार्य करने लगे। इस दौरान इन्हें एक बार चेचक हो गया। इन्हें काफी पीड़ा हुई। श्रीनारायण अग्रवाल की पुण्यमयी माताजी ने इस दौरान इनकी काफी सेवा-सुश्रूषा की। ये इस बीमारी से कुछ स्वस्थ हुए कि इनके पास पढ़ने के लिए आनेवाले बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ गए। इनके हृदय में अपने छात्रों के प्रति करुणा उमड़ आयी। चेचक के अधसूखे घाव की चिंता किये बिना, ये मनिहारी आश्रम से आधा मील दूर बाजार जाकर उन बच्चों से मिले और उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना परमाराध्य गुरुदेव से की।

 गुरुदेव का स्थायी सान्निध्य:
सन् 1949 ई0 में गुरुदेव ने इनसे अध्यापन का कार्य छुड़वा दिया। दस वर्ष पूर्व जो सदिच्छा इनके भीतर अंकुरित हुई थी, वह इस समय आकर पूरी हुई। ये स्थायी रूप से गुरुदेव के सान्निध्य में रहने लगे। इन्हें इससे आत्मतुष्टि का बोध हुआ। अब ये पूर्ण समर्पित भाव से गुरुदेव की सेवा में संलग्न रहने लगे। मनिहारी  सत्संग  मंदिर में रहते हुए ये गुरुदेव की सेवा अनन्यभाव से करने लगे। एक बार गुरुदेव ने इनपर कृपा की। प्रतिदिन तीन बजे ब्राह्ममुहूर्त में ये उन्हें जगा दें, ऐसा आदेश उन्होंने इन्हें दिया। उनके आदेशानुसार उनको जगाने के लिए इन्होंने अपने पास एक अलार्म घड़ी रख ली। जब ब्राह्ममुहूर्त्त में तीन बजे घड़ी की टन-टन आवाज होती, तो ये उठकर गुरुदेव के निकट जाते। जैसे ही ये उनकी कोठरी के दरवाजे के निकट पहुँचते, वैसे ही गुरुदेव कहते- ‘कौन? महावीरजी!’ ये कहते-‘जी हाँ।’ पुनः वे इनसे कहने की कृपा करते-‘अच्छा, जाइये। आप ध्यानाभ्यास कीजिए।’ और वे स्वयं स्थानीय सत्संगी सज्जन श्रीमहावीर प्रसाद अग्रवालजी के साथ गंगा-स्नान करने चले जाते। इस प्रकार लगातार एक माह तक जब-जब ये गुरुदेव को ब्राह्ममुहूर्त्त में जगाने के लिए जाते, तो उनको जगा हुआ पाते। इस घटना से ये विस्मित हुए। इन्हें यह भान हुआ कि जो समस्त संसार को अज्ञान-निद्रा से जगाने के लिए आविर्भूत हुए हैं, उनको ये क्या जगाएँगे? सच तो यह था कि उन्होंने इन्हें ही ब्राह्ममुहूर्त्त में ध्यानाभ्यास-हेतु जगाने के लिए गंगा-स्नान का बहाना किया था। ये तब से नित्य प्रति पौने तीन बजे जगकर योगसाधना में संलग्न हो जाया करते। चार बजते ही ये योगसाधना से उठकर गुरुदेव के शौच के लिए लोटा-बाल्टी में कुआँ से जल लाकर भर देते। गुरुदेव के शौच से लौटने के पूर्व ही, ये उनके लिए मिट्टी और दतवन रख दिया करते। इसके बाद ये अपने नित्य क्रियाकर्म से निवृत्त होते। गुरुदेव दतवन कर टहलने के लिए चले जाते। इस दौरान, ये सारे आश्रम की सफाई करते और फूलों की क्यारी में निकौनी आदि कर उसमें पानी डालते। प्रातः भ्रमण से गुरुदेव के लौटते ही ये उन्हें पाँव धोने के लिए पानी देते। गुरुदेव के साथ ही ये प्रातःकालीन सत्संग में सम्मिलित होते। सत्संग में स्तुति-विनती करने के बाद ये सद्ग्रंथों का पाठ करते। इसी क्रम में गुरुदेव के प्रवचन को भी ये लेखनीबद्ध करते। सत्संग के बाद गुरुदेव स्नान करते-ये उन्हें कुएँ से पानी भरकर देते। ये गुरुदेव के वस्त्र वहीं रख जाते। जितनी देर में गुरुदेव स्नान से निवृत्त होते, उतनी ही देर में ये खुद स्नानकर उनके पास लौट आते। गुरुदेव ध्यान में चले जाते, इधर ये उनके भीगें वस्त्रों को धोकर सूखने के लिए दे दिया करते और खुद ध्यानाभ्यास में संलग्न हो जाते। गुरुदेव के  ध्यान से उठते ही ये उन्हें अपने से भोजन करवाते। भेजनोपरांत जबतक गुरुदेव हाथ-मुँह धोते, ये उतनी ही देर में खुद भोजन ग्रहण कर गुरुदेव के पास लौट आते। भोजन के बाद गुरुदेव के विश्राम का समय होता। इस समय ये अध्यात्म- संबंधी पुस्तकों का अध्ययन करते। कभी-कभी आश्रम में आये हुए अभ्यागतों से भी ये इसी क्रम में मिलते-जुलते। विश्राम के बाद गुरुदेव शौच के लिए जाते। ये पानी-मिट्टी लाकर देते। गुरुदेव के शौच से लौटने पर ये लोटा मलकर यथास्थान रख देते। फिर अपर्रांकालीन सत्संग का कार्यक्रम आरम्भ होता। स्तुति-विनती के बाद सद्ग्रंथों का पाठ और पुनः गुरुदेव के प्रवचन को लिपिबद्ध करने का काम चलता। सत्संग-समाप्ति के बाद गुरुदेव सायंकालीन भ्रमण के लिए निकल जाते। ये गुरुदेव  के  कक्ष की सफाई करते, साथ ही साथ आश्रम के आँगन में लगाये गये फूलों में पानी दिया करते। सायंकाल ये गुरुदेव के ध्यान में जाते ही खुद भी ध्यानाभ्यास के लिए बैठ जाते। ध्यानाभ्यास के बाद सत्संग का कार्यक्रम चलता। स्तुति-विनती के बाद ये गुरुदेव की आज्ञा से संतों की वाणियों का सस्वर गायन किया करते। सत्संग-समाप्ति के बाद रात्रिकालीन भोजन का समय होता। ये गुरुदेव को भोजन करवाने के उपरांत थोड़ी ही देर में भोजन कर लिया करते। भोजनोपरान्त कुछ देर के लिए गुरुदेव के पास आश्रमवासियों के साथ ये भी बैठते। दस बजे रात्रि में गुरुदेव अपने कमरे में विश्राम के लिए जाते। ये ग्यारह बजे तक उनके पाँव दबाने के बाद खुद सोने के लिए जाते। इस तरह नित्यप्रति का क्रम चलता। कभी-कभी रसोइये की अनुपस्थिति में गुरुदेव के लिए ये भोजन भी बनाया करते थे। 
दर्शन और आध्यात्मिक ग्रंथों का गहन अध्ययन
गुरुदेव ने अपने सान्निध्य में रखकर इन्हें वेद, उपनिषद्, श्रीमद्भगवद्गीता, संतसाहित्य, बाइबिल, श्रीगुरुग्रंथसाहिब, कृतिवासीरामायण, महापुराण, महाभारत, कुरान, हदीस, वाल्मीकि- रामायण, त्रिपिटक, ज्ञानार्णव आदि का गहन अध्ययन कराया। बालगंगाधर तिलककृत ‘गीता रहस्य’, महात्मा गाँधी प्रणीत ‘अनासक्तिकर्मयोग’ एवं ‘चैतन्य-चरितावली’ का अध्ययन इन्होंने इस क्रम में किया। रामकृष्ण परमहंस और विवेकानन्द के संपूर्ण साहित्य के साथ-साथ हिंदी में अनुदित ‘भारत के महान साधक’ के बारह खंडों का अध्ययन भी इन्होंने इस समय किया। 

नवीन नामकरणः 
गुरुदेव की सेवा में रहते हुए इन्होंने कभी भी अपनी सुख-सुविधा पर ध्यान नहीं दिया। सदा इनकी यही कोशिश रही कि गुरुदेव को कोई असुविधा न हो। उनकी प्रसन्नता ही इनकी प्रसन्नता और उनकी तकलीफ ही इनकी तकलीफ बन गयी थी। गुरुदेव का अधिकांश समय प्रचार-कार्य में बीतता। उनके साथ यात्राजन्य कष्टों को ये हँस-हँसकर झेलते। यात्रा के क्रम में खाने-पीने, सोने आदि का कोई निश्चित समय नहीं रहता। फिर भी, ये बिना थके अहर्निश सेवा में लगे रहते। इनकी इसी सेवा-भावना से प्रसन्न होकर गुरुदेव ने इन्हें ‘संतसेवी’ कहना शुरू किया।  इस तरह इन्होंने अपना नाम महावीर ‘संतसेवी’ लिखना प्रारम्भ किया था। पर, कालांतर में ये सिर्फ ‘संतसेवी’ ही लिखने लगे।

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-3 (गुरुदेव का साहचर्य और वियोग | आध्यात्मिक रचनाओं का संकलन-सहयोग और विभिन्न भाषाओं का अध्ययन | गुरुदेव का वात्सल्यपूर्ण साहचर्य | संशोधन-कार्य में संलग्नता) | Maharshi Santsevi Paramhans Jeevan-Charit

महर्षि संतसेवी परमहंस का जीवन-चरित | PART-3 
(गुरुदेव का साहचर्य और वियोग | आध्यात्मिक रचनाओं का संकलन-सहयोग और विभिन्न भाषाओं का अध्ययन | गुरुदेव का वात्सल्यपूर्ण साहचर्य | संशोधन-कार्य में संलग्नता)  

गुरुदेव का साहचर्य और वियोग:
कनखुदिया में मास-ध्यान-समाप्ति के बाद परमाराध्य गुरुदेव उस क्षेत्र में कई दिनों तक घूम-घूमकर सत्संग का प्रचार करते रहे। इस सत्संग-प्रचार में परमाराध्य गुरुदेव ने इन्हें भी अपने साथ रखा। इस क्रम में भी ये परमाराध्य गुरुदेव के आदेश पर सद्ग्रन्थों का पाठ करते और पूर्व की तरह कभी-कभी उसके भावार्थ भी किया करते। इस अवधि में परमाराध्य गुरुदेव इन पर विशेष ध्यान देते थे। वे अपने रसोइये से इनके लिए बार-बार कहा करते- ‘देखो, वह जो नया युवक मेरे साथ आया है, उसे बुलाकर खिला दिया करो।’ इसके अतिरिक्त वे इनकी अन्यान्य सुख-सुविधाओं का भी ख्याल रखते। इस तरह उस क्षेत्र का सत्संग-प्रचार समाप्त हुआ, तो परमाराध्य गुरुदेव ने इनसे कहने की कृपा की, ‘अब आप अपने काम पर चले जाइये।’ इन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ कि परमाराध्य गुरुदेव इन्हें अपने काम पर वापस भी भेज सकते हैं। आशा पर तुषारापात होते देख, इन्होंने परमाराध्य गुरुदेव से प्रार्थना की- ‘अब मैं आपके साथ रहने के सिवा और कुछ नहीं चाहता। कृपाकर मुझे निराश न करें।’ पर, गुरुदेव ने इनके लिए तो कुछ और ही निश्चित कर रखा था। उस विधान के अनुसार अभी वह समय नहीं आया था। गुरुदेव ने विवशता दिखायी। उन्होंने इन्हें इनकी पुण्यमयी माता की याद दिलायी और उनकी सेवा की आवश्यकता का इन्हें स्मरण कराया। उन्होंने इनसे कहने की कृपा की- ‘अभी जो काम आप करते हैं, कीजिये, आवश्यकता होगी तो बुला लूँगा।’ गुरुदेव का आदेश था, इन्होंने उनके आदेश को शिरोधार्य कर उनके श्रीचरणों में अपना सर नवाया और गुरुदेव का संबल लिये सैदाबाद लौट आए। सैदाबाद में लगभग दो वर्षों तक इनकी योगसाधना नियमित रूप से चलती रही और साथ-ही-साथ अध्यापन का काम भी चलता रहा। इनका ध्यान सदा गुरुदेव की ओर लगा रहता। क्यों न हो? इनकी सुरत-रूपी डोरी जो उनके श्री-चरणों से बँध गयी थी। परमाराध्य गुरुदेव भी इनकी खोज-खबर लेते रहते थे। इनको जब कभी भी कोई आवश्यकता होती या गुरुदेव इनसे मिलने की इच्छा व्यक्त करते, तो इनको खबर भिजवाकर गुरुदेव बुलवा लिया करते। इस क्रम में गुरुदेव का जहाँ-जहाँ भी सत्संग-प्रचार का कार्यक्रम चलता, इन्हें भी वे अपने साथ ले जाते। इस तरह गुरुदेव के साथ कुछ दिनों तक रहकर ये पुनः सैदाबाद लौट आते। यह क्रम इन दो वर्षों में कई बार चला। 

आध्यात्मिक रचनाओं का संकलन-सहयोग और विभिन्न भाषाओं का अध्ययन: 
सन् 1940 ई0 में परमाराध्य गुरुदेव ने विभिन्न संतों की विशिष्ट आध्यात्मिक रचनाओं के साथ स्वानुभूतिसिद्ध अपनी वाणियों का एक संकलन ‘सत्संग-योग’ के नाम से निकालना चाहा। इसकी पांडुलिपि तैयार करवाने के लिए उन्होंने इन्हें श्रीलच्छनदासजी के द्वारा खबर भिजवाकर बुलवाया। उस समय गुरुदेव का भागलपुर जिले में सत्संग-प्रचार का कार्यक्रम चल रहा था। ‘सत्संग-योग’  जैसे संकलनवाली पावन घटना मध्यकाल में भी घटी है। मध्यकाल के पूर्वार्द्ध में श्रीगुरु अर्जुनदेवजी  द्वारा ‘आदिग्रंथ’ तथा इसके उत्तरार्द्ध में संत रज्जबजी-द्वारा ‘सर्वांगी’ नामक ग्रंथ संकलित हुए हैं। विश्वमानवता के उद्धारार्थ ऐसे आध्यात्मिक संकलन-ग्रंथों की पुनरावृत्ति संतों- द्वारा समय-समय पर होती रही है। ‘सत्संग-योग’ नामक संकलन-ग्रंथ भी इसकी ही कड़ी है। श्रीगुरु अर्जुनदेवजी ने रचना-संकलन के लिए जिस स्थान का चयन किया था, वह ‘रामसर’ था और परमाराध्य संत मेँहीँ ने जिस स्थान का चयन किया, वह गंगा के किनारे ‘बैकुण्ठपुर’ था। गुरुदेव के साथ ये भागलपुर-परबत्ती से बैकुंठपुर आये। यहाँ गुरुदेव ने इन्हें गुरुमुखी, बांग्ला लिपि और अन्य कई भाषाओं का ज्ञान कराया। एक महीने तक गुरुदेव ‘सत्संग-योग’ के लिए आध्यात्मिक रचनाओं का संकलन करते रहे-ये दत्तचित्तता से गुरुदेव-द्वारा सद्ग्रंथों में चिन्हित अंशों को संकलित करते जाते। 
गुरुदेव का वात्सल्यपूर्ण साहचर्य: 
बैकुंठपुर-दियरा से ये गुरुदेव के साथ भागलपुर-स्थित परबत्ती लौट आये। यहाँ इनकी योगसाधना और सत्संग का कार्यक्रम चलता रहा। इसी क्रम में ये बभनगामा (बाराहाट) नामक ग्राम के सत्संग में गुरुदेव के साथ गये। वहीं के एक वयोवृद्ध सत्संगी श्रीचरण परिहतजी ने इनकी मीठी आवाज और पाठ की शुद्धता के आधार पर गुरुदेव से प्रार्थना की- ‘सरकार! इनकी कंठध्वनि बड़ी मधुर है। संतवाणी आदि का पाठ भी ये अच्छी तरह करते हैं। इनको साथ रख लिया जाता, तो बड़ा अच्छा होता।’ गुरुदेव ने कहने की कृपा की- ‘मेरी भी तो इच्छा है कि ये मेरे साथ रहें, लेकिन अभी इनकी माँ जीवित हैं। उनको क्यों रुलायें ? ’इस तरह गुरुदेव के साथ ही रहने की इनकी प्रबल आकांक्षा अभी भी अधूरी रही। यहाँ से सत्संग कर ये गुरुदेव के साथ परबत्ती वापस लौट आए। परबत्ती आने पर ये सख्त बीमार पड़ गये। इनकी शारीरिक दुर्बलता काफी बढ़ गयी। इनके शीघ्र स्वस्थ होने की चिंता गुरुदेव को थी। तेज ज्वर और बेहाशी की अवस्था में ही इन्हें लेकर गुरुदेव सिकलीगढ़-धरहरा (बनमनखी) आश्रम आये। बनमनखी से गुरुदेव ने डॉक्टर को बुलवाकर इनकी चिकित्सा करवायी। ऐलोपैथी दवा में प्रायः कुछ आहार ग्रहण कर दवा लेने का प्रावधान है। एक दिन ये जमीन पर चटाई बिछाकर लेटे हुए थे। गुरुदेव खड़ाऊँ पहने हुए इनके सामने आकर बैठ गये। इन्होंने उठकर उनके श्री-चरणों में शीश नवाया और वहीं बैठ गए। गुरुदेव ने अपने रसोइया भूपलालजी से बार्लि उबलवाकर मँगवाया और स्नेहपूरित शब्दों में इनसे कहा-‘बार्लि खाइये।’ इन्होंने दो-चार चम्मच बार्लि खाने के बाद कहा कि अब खाने की इच्छा नहीं होती। गुरुदेव ने उसमें थोड़ी-सी चीनी मिलायी और इनसे कहा- ‘अब खाइये, अच्छा लगेगा।’ इन्होंने किसी तरह दो-चार चम्मच खाकर छोड़ दिया और कहा- ‘यह भी खाने में अच्छा नहीं लगता।’ गुरुदेव ने एक नींबू का रस बार्लि में निचोड़ते हुए कहा- ‘थोड़ा और खाइये। देखिये, कितना अच्छा लगता है?’ इनके द्वारा पुनः खाने की अनिच्छा व्यक्त किए जाने पर गुरुदेव ने इनसे कहने की कृपा की- ‘बिल्कुल नहीं खाने से तो कमजोरी बढ़ती ही जायेगी।’ उन्होंने रसोइये से दूध और मिश्री मिलवाकर इन्हें पीने को दिया। ये धीरे-धीरे गुरुदेव के वात्सल्यपूर्ण सान्निध्य में ही स्वस्थ हो गए। इनके स्वस्थ होते ही गुरुदेव ने इन्हें इनकी माँ की सेवा के लिए भेज दिया। ये वापस गमहरिया आ गए। इस दौरान ये पंद्रह-बीस दिनों या एक महीना के बाद गुरुदेव के दर्शन कर आया करते। इस तरह माँ की सेवा में ये संलग्न रहे। सन् 1946 ई0 में इनकी माँ परलोक सिधार गयीं। 

संशोधन-कार्य में संलग्नता :
सन् 1946 ई0 में ही ‘सत्संग-योग’ का दूसरा संस्करण प्रकाशित हुआ था। उसमें छपाई की कुछ अशुद्धियाँ रह गयी थीं। उन अशुद्धियों को दूर कराने के लिए गुरुदेव ने इन्हें मनिहारी- आश्रम बुलवाया। उन दिनों गुरुदेव अधिकतर मनिहारी या सिकलीगढ़  धरहरा  आश्रम में ही निवास किया करते थे। मनिहारी (कटिहार) आकर इन्होंने वहाँ की सारी प्रतियों का संशोधन किया। ‘सत्संग-योग’ की कुछ प्रतियाँ धरहरा-आश्रम में भी थीं। इन्होंने वहाँ जाकर उन प्रतियों की अशुद्धियों को भी सुधारा। धरहरा से ये पुनः मनिहारी लौट आये।

शब्द जितना छोटा होगा, उतना ही सिमटाव होगा | ऊँ नमः सिद्धम् | Maharshi Mehi Paramhans ji Maharaj | Santmat Satsang | Kuppaghat-Bhagalpur


संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज की वाणी:-

शब्द जितना छोटा होगा, उतना ही सिमटाव होगा और जितना बड़ा शब्द होगा, उतना ही फैलाव होगा। तन्त्र में एकाक्षर का ही जप करने का आदेश है और वेद में भी वही एक अक्षर। कबीर साहब कहते हैं- पढ़ो रे मन ओ ना मा सी धं ।
अर्थात् ‘ऊँ नमः सिद्धम्।’ तात्पर्य यह कि सृष्टि इसी ‘ऊँ’ से है। शब्द से सृष्टि हुई है। यह (ऊँ) त्रैमात्रिक है, इसीलिए इस प्रकार भी ‘ओ3म्’ लिखते हैं। इसको इतना पवित्र और उत्तम माना गया कि इस शब्द के बोलने का अधिकार अमुक वर्ण को ही होगा, अमुक वर्ण को नहीं। इतना प्रतिबन्ध लगाया गया कि बड़े ही कहेंगे। सन्तों ने कहा, कौन लड़े-झगड़े; ‘सतनाम’ ही कहो, ‘रामनाम’ ही कहो, आदि। बाबा नानक ने ‘ऊँ’ का मन्त्र ही पढ़ाया- *1ऊँ सतिगुरु प्रसादि।*  और कहा-  *चहु वरणा को दे उपदेश।* यह ईश्वरी शब्द है; किन्तु हमलोग इसका जैसा उच्चारण करते हैं, वैसा यह शब्द सुनने में आवे, ऐसा नहीं। यह तो आरोप किया हुआ शब्द है, जिसके मत में जैसा आरोप होता है। जैसे- पंडुक अपनी बोली में बोलता है, किन्तु कोई उस ‘कुकुम कुम’ और कोई उसी शब्द को ‘एके तुम’ आरोपित करता है। किन्तु यथार्थतः इस (ओ3म्) को लौकिक भाषा में नहीं ला सकते, यह तो अलौकिक शब्द है। इस अलौकिक शब्द को लौकिक भाषा में प्रकट करने के लिए सन्तों ने ‘ऊँ’ कहा। क्योंकि जिस प्रकार वह अलौकिक ¬ सर्वव्यापक है, उसी प्रकार यह लौकिक ‘ऊँ’ भी शरीर के सब उच्चारण-स्थानों को भरकर उच्चरित होता है। इस प्रकार का कोई दूसरा शब्द नहीं है, जो उच्चारण के सब स्थानों को भरकर उच्चरित हो सके। इसी शब्द का वर्णन सन्त कबीर साहब इस प्रकार करते हैं- 


आदि नाम पारस अहै, मन है मैला लोह। 
परसत ही कंचन भया, छूटा बन्धन मोह।। 
शब्द शब्द सब कोइ कहै, वो तो शब्द विदेह। 
जिभ्या पर आवै नहीं, निरखि परखि करि देह।। 
शब्द शब्द बहु अन्तरा, सार शब्द चित देय। 
जा शब्दै साहब मिलै, सोइ शब्द गहि लेय ।। 

आदिनाम वा शब्द सर्वव्यापक है। इसी प्रकार एक शब्द लो, जो उच्चारण के सब स्थानों को भरपूर करे, तो संतों ने उसी को ‘ऊँ’ कहा तथा इसी शब्द से उस आदि शब्द ¬ का इशारा किया। यह जो वर्णात्मक ओ3म् है, जिसका मुँह से उच्चारण करते हैं, यह वाचक है तथा इस शब्द से जिसके लिए कहते हैं, वह वाच्य है तथा उस परमात्मा के लिए वह भी वाचक है तथा परमात्मा वाच्य है। तो इस एक शब्द का दृढ़ अभ्यास, एक तत्त्व का दृढ़ अभ्यास करना है। (17-1-1951)
प्रेषक: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

जो सत्संग से जुड़े रहते हैं, उनको चेत होता है कि सब कुछ छूटेगा, साथ जानेवाले धन की कमाई करो | Maharshi Harinandan Paramhans | Santmat Satsang

जो सत्संग से जुड़े रहते हैं, उनको चेत होता है कि सब कुछ छूटेगा, साथ जानेवाले धन की कमाई करो। 

कबीर सो धन संचिये, जो आगे को होय।
माथे चढ़ाये गाठरी, जात न देखा कोय।।

भगवान श्रीराम कहते हैं कि केवल यही जीवन नहीं है, परलोक में भी सुख से रहने के लिए यत्न करो। परलोक को उत्तम, सुखमय, शांतिमय बनाने के लिए प्रयत्न करो और वह प्रयत्न क्या होगा? परमात्मा की भक्ति की पूर्णता हो जाने पर सदा के लिए बंधन से मुक्त हो जाओगे, आवागमन के चक्र से छूट जाओगे। 
इसलिए संत-महात्मा कहते हैं कि उस सुख को प्राप्त करने का प्रयत्न करो, तब तुम्हारा इहलोक और परलोक- दोनों उत्तम बन जाएगा।

जौं परलोक इहाँ सुख चहहू। 
सुनि मम वचन हृदय दृढ़ गहहू।। -रामचरितमानस 

यह तभी होगा, जब मनोयोगपूर्वक साधना करेंगे। संसार के कामों को करते हुए ईश्वर-भजन करो। 

कर से कर्म करो विधि नाना। 
चित राखो जहँ कृपा निधाना।।

हाथ से संसार के कार्यों को करते रहो और अपने ख्याल को ईश्वर-परमात्मा की भक्ति में लगाये रखो। ऐसा करोगे तो तुम्हारा इहलोक और परलोक दोनों उत्तम बन जाएगा। यही संतों का ज्ञान है। यह शरीर सब दिन नहीं रहने वाला है। जो समय बीत गया, फिर वापस नहीं आनेवाला है। 

"मन पछतइहैं अवसर बीते।"

अवसर बीत जाने पर पश्चाताप करना पड़ेगा और बाद में पश्चाताप करने से कुछ होगा भी नहीं। इसलिए संत-महापुरुष कहते हैं कि गफलत में मत रहो, ठीक-ठीक ख्याल करो। अपने कर्तव्य कर्म का ज्ञान करो और अपने कर्तव्य को करने में आलस्य मत करो। इस तरह से भगवान श्रीराम के कहे मुताबिक तुम्हारा इहलोक और परलोक उत्तम बन जाएगा। -महर्षि हरिनन्दन परमहंस जी महाराज
प्रेषक: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

हमलोग आर्य हैं। आर्य का अर्थ-बुद्धिमान, विद्वान, सभ्य आदि है। Hamlog Arya hain | Budhiman-Vidwan-Sabhya | Maharshi Mehi Paramhans Ji | Santmat Satsang

हमलोग आर्य हैं। 

हमलोग आर्य हैं। आर्य का अर्थ-बुद्धिमान, विद्वान, सभ्य आदि है। गीता में, महाभारत में, बौद्ध ग्रन्थों में हमारे लिए ‘आर्य’ शब्द छोड़कर दूसरा नहीं आया है। हाल में तुलसीदासजी हुए, इनकी रचना में ‘आर्य’ के सिवा दूसरा शब्द नहीं है। ‘आर्य’ कहते हैं-बुद्धिमान को। हमको बुद्धिमान बनना चाहिए। ‘बुद्धि’ वह हो, जिसमें आत्मज्ञान हो।  
हमलोग सत्संग करते हैं। यह सत्संग तीर्थराज है। इस सत्संग में सरस्वती की धारा अधिक बहती है। गोस्वामी तुलसीदासजी का कहना है कि सत्संग तीर्थराज है। तीर्थराज में गंगा, यमुना और सरस्वती की धारा बहती है।

राम भगति जहँ सुरसरि धारा।
सरसइ ब्रह्म विचार प्रचारा ।। 
विधि निषेधमय कलिमय हरनी। 
करम कथा रविनंदिनी बरनी ।। 
मुझको सरस्वती की धारा में स्नान करना है और आपको भी इसी में स्नान कराना है। 
-संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज
संकलन: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

इस शरीर में विशेष बात क्या है? What is special about this body? | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang

इस शरीर में विशेष बात क्या है?

विशेष बात इस शरीर में क्या है? इसमें साधनों का धाम और मोक्ष का द्वार है। समूचा शरीर द्वार नहीं है। इस शरीर में नौ द्वार हैं। यह जो नौ द्वार हैं, इनमें से कोई द्वार मोक्ष का द्वार नहीं है। 

संतवाणी से पता चलता है कि जो नौ द्वार वाले शरीर में रहते हैं, वे संसार में दौड़ते रहते हैं। इस शरीर में दसवां द्वार भी है। उस द्वार से गमन करो, तो निज घर में पहुंच जाओगे। यह शरीर स्थूल घर है। संत जो कहते हैं कि इसमें दशम द्वार है यह बहुत कम लोग जानते हैं। बाहर से अपने को समेटकर अंतर प्रविष्ट होकर अंतर्मुखी जहां तक होना होता है, वही दसवां द्वार है। यह दसवां द्वार ही मोक्ष का द्वार है। इसमें शरीर नहीं जाता, मन अवश्य जाता है। यह इस बार की विलक्षणता है। दसवें द्वार को योगियों के यहां आज्ञाचक्र कहा जाता है। यही है अन्तर्ज्योति और अन्तर्नाद का द्वार। -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस 
संकलन: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

एक सत्संगी और तीन डाकू | भगवान पर विश्वास | Ek Satsangi aur teen daaku | Bhagwan par Visvash | Believe in God | Santmat Satsang

|| प्रेरक प्रसंग ||

एक सत्संगी था। उसका भगवान पर बहुत ज्यादा विश्वास था। वो बहुत साधन- भजन भी अच्छे से करता था। सत्संग में जाकर सेवा भी देता था। उस पर गुरुजी की इतनी कृपा थी कि उसका साधना पर बैठते ही ध्यान लग जाता था।

एक दिन उसके घर अचानक से तीन डाकू आ गए और उसके घर का काफी सामान लूट लिया और जब जाने लगे तो सोचा कि इनको मार देना चाहिए नहीं तो ये लोगों को बताएगा।
ये सुनकर वे सत्संगी घबड़ा गया और कहने लगा तुम मेरे घर का सारा सामान, नकद, जेवर सबकुछ ले जाओ लेकिन मुझे मत मारो।

उन लुटेरों ने उसकी एक न सुनी और बन्दूक उसके सिर पर रख दी। सत्संगी बहुत रोया, गिड़गिड़ाया कि मुझे मत मारो, लेकिन लुटेरे मारने पर उतारू था।

तभी सत्संगी ने डाकुओं से कहा कि मेरी आखिरी इच्छा पूरी कर दो। लुटेरों ने उनकी इच्छा जाना और फिर कहा कि ठीक है।

सत्संगी फ़ौरन कुछ देर के लिए ध्यान पर बैठ गया। उसने अपने गुरु को याद किया ऒर थोड़ी ही देर में गुरुजी ने उसे दर्शन दिए और दिखाया कि पिछले तीन जन्मों में तुमने इन लुटेरों को एक एक करके मारा था।

आज वो तीनों एक साथ तुम्हें मारने आया है, और मैं चाहता हूँ तुम तीनों जन्मों का भुगतान इसी जन्म में कर दो।
ये सुनकर सत्संगी उठ खड़ा हुआ और लुटेरे की बन्दूक अपने सर पर रख के हस्ते हुए बोला कि अब मुझे मार दो। अब मुझे मरने की कोई परवाह नहीं है।

ये सुनकर लुटेरे हैरान हो गए और सोचा कि अभी तो ये रो रहा था कि मुझे मत मारो और अब इसे इतनी ही देर में क्या हो गया।  उन्होंने उस सत्संगी से पूछा कि आखिर इतनी सी देर में ऐसा क्या हुआ कि तुम खुशी से मरना चाह रहे हो ??

उस सत्संगी ने सारी बात लुटेरों को बता दी। उनकी बात सुनकर लुटेरों ने अपना हथियार सत्संगी के पैरों में डाल दिए और हाथ जोड़कर विनती करने लगे कि हम तुम्हें नही मारेंगे बस इतना बता दो कि तुम्हारे गुरु कौन हैं।

सत्संगी ने अपने गुरुजी के बारे में बता दिया। उसके बाद वो लोग भी सब कुछ छोड़कर सत्संगी बन गए।

दोस्तों!
इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि गुरु हर हाल में हर पल हमारी रक्षा करता है दुःख भी देता है तो हमारे भले के लिए इसलिए हर पल उस गुरु का शुक्र अदा करना चाहिए फिर चाहे वो परम पिता जिस हाल में भी रखे।
🙏🙏|| जय गुरु ||🙏🙏

यही संतमत की विशेष बात है | Yahi Santmat ki vishesh baat hai | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang |

यही संतमत की विशेष बात है।
एक संत की वाणी पढ़कर जितना लाभ, उतना लाभ अन्य संतों की वाणी पढ़ने से भी होता है। सबमें एक ही बात जान पड़ती है, यही संतमत की विशेष बात है। सब संतों का आदर और सब सद्ग्रन्थों का आदर बहुत अच्छा लगता है। 
जो सत्संग करें, वे सभी सत्संगी, कोई गैर सत्संगी नहीं। मनुष्य की हैसियत से हम सभी भाई-भाई हैं। यहाँ हमलोग सभी सत्संगी हैं। भले कोई भेद जानते हैं और कोई नहीं जानते हैं। 
ईश्वर सत्य है और सब उसकी माया है। दिखावटी हो, असलियत नहीं, यह माया है। जबतक ईश्वर को पाया नहीं, माया सत्य मालूम पड़ती है। ईश्वर सत्य है। माया को पार नहीं करने के कारण हम माया में फँसे रहते हैं। उसके पार होने के लिए चिन्ह चाहिए। ईश्वर-निर्मित और नर-निर्मित चिन्ह होते हैं। जो चिन्ह ईश्वर से निर्मित है, वह श्रेष्ठ है। ईश्वर-निर्मित चिन्ह के आधार से भक्ति करें। ईश्वर-निर्मित चिन्ह ज्योति और शब्द हैं। ये दोनों नर निर्मित नहीं, ईश्वर-निर्मित हैं। सूर्य में से ज्योति निकाल लीजिए तो कुछ नहीं देखेंगे। ऐश्वर्यवान विभूति संसार में सूर्य है, यह प्रत्यक्ष है। इससे ज्योति निकल जाय तो कुछ नहीं बचेगा। इसलिए ज्योति ही सार है। -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज 
प्रेषक: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

ईश्वर-भजन से सुख होता है | Eshwar Bhajan se Sukh hota hai | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang

ईश्वर-भजन से सुख होता है।

सत्संग से हमारा कल्याण होगा, यह निश्चय है। सत्संग से जो कल्याण होता है, उसका रूप है मोक्ष, जहाँ सारे भोगों की निवृत्ति होती है। सब लोगों के लिए सुख बहुत प्यारी चीज है। संसार के सुख में संतुष्टि नहीं है। जो मन-इन्द्रियों को सुहाता है, उसी को लोग सुख कहते हैं। जो मन-इन्द्रियों को नहीं सुहाता है, उसे दुःख कहते हैं। विषय से क्षणिक सुख का अनुभव होता है। इस लोक के निवासी के लिए कहा गया है कि- 
एहि तन कर फल विषय न भाई। 
स्वर्गउ  स्वल्प अन्त दुखदाई।। 
नर तनु पाइ विषय मन देहीं। 
पलटि सुधा ते सठ विष लेहीं।।

मन चंचलता का रूप है। जो चंचल रूप हो, वह स्थिर वस्तु को पकड़ सके संभव नहीं है। इन्द्रियों की शक्ति थोड़ी है। जैसे छोटे बर्तन के बटखरे से अधिक चीज को माप नहीं सकते हैं, उसी प्रकार इन्द्रियों के द्वारा विशेष वस्तु को माप नहीं सकते हैं। 

राकापति षोडस उगहिं, तारागण समुदाय। 
सकल गिरिन्ह दव लाइये, बिनु रवि राति न जाय।। 
ऐसेहि बिनु हरि भजन खगेसा।
मिटहिं न जीवन केर कलेसा।। 
      -गोस्वामी तुलसीदासजी

ईश्वर-भजन के बिना सुख नहीं होता है। ईश्वर-भजन से सुख होता है। -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज
प्रेषक: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

मैं संतों का पुजारी हूँ | Mai Santon ka pujari hun | I am the priest of the saints | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang


मैं संतों का पुजारी हूँ।

अनन्त एक ही है, इसलिए ईश्वर एक है। सब सांतों के पार में अनन्त अवश्य है। उसके गुण और शक्ति का परिमित बुद्धि से निर्णय होना संभव नहीं है। गुण-कर्मों के द्वारा उनका निर्णय नहीं हो सकता है। अपरिमित शक्ति कैसी होती है, यह परिमित बुद्धि को नहीं मालूम होता है। विषय क्षणभंगुर है। संसार में विषयों से नकली काम चलता है। संसार से हृदय अलग करके रखना चाहिए। राजा भरत हिरण से प्रेम करता था। शरीर छोड़ते समय हिरण में मन चला गया, इसलिए हिरण बनना पड़ा। आत्मा सबका एक है, भिन्न नहीं है और शरीर भाव से भिन्न-भिन्न है। जैसे -

जल महि कमलु निरालमु  मुरगाई  नैसाणै। 
सुरति शबदु भवसागर तरिअै नानक नामु बखानै।। 

जो संसार का कार्य संभालता है, वह संसार में शोभा पाता है। अर्जुन से भगवान श्री कृष्ण ने कहा-तुम युद्ध भी करो और मेरा ध्यान भी करते रहो। 

‘गृही माहि जो रहै उदासी, कहै कबीर मैं तिनके दासी।’ 
‘कबीर चाले हाट को, कहे न कोइ पतियाय। 
पाँच  टके  का  दोपटा, सात  टके  को जाय।।’ 
‘अनविचार  रमनीय  महा संसार भयंकर भारी।’ 

लोग कहते हैं कि मैं पुजारी हूँ।  मैं भी संतों का पुजारी हूँ। 

‘संत भगवन्त अन्तर निरन्तर नहीं किमपि मति विमल कह दास तुलसी।’  

मैंने अभी संतों का प्रसाद बाँट दिया। संतों के जितने वचन हैं, ये भी प्रसाद हैं। यह संसार विषयों का सागर है और हमलोग इसमें डूब रहे हैं। संत इस बात को जानते हैं और चेताते हैं।  

मरिये तो मरि जाइये छूट पडै जंजार।  

होशियारी की बात है कि अपने सरोकारी वस्तुओं से लाग (संबंध) हटा लो। इन्द्र बन जाओ, तब भी विकार नहीं छूटेगा। संसार और परमार्थ दोनों कामों के साथ-साथ चलो। संसार से बचने का ज्ञान संत-महात्मा  बतला देते हैं। उनके प्रसाद से राम-नाम सब कोई जाने।  -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज
संकलन: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

केवल ध्यानयोग से ही पापों से बच सकते हैं | Kewal dhyanyog se hi papon se bach sakte hain | Saved from sins only by meditation | Maharshi Mehi | Santmat Satsang

यदि शैल समं पापं विस्तीर्ण बहुयोजनम्। 
भिद्यते ध्यानयोगेन नान्यो भेदः कदाचन।।       
-ध्यानबिन्दु उपनिषद् 

मनुष्य अनिवार्य और वार्य दोनों तरह का कर्म करता ही रहता है। वह कर्म करने से बच नहीं सकता है। कर्म में पाप और पुण्य दोनों कर्म होते हैं। कोई पुण्य कर्म अधिक करते हैं और पाप कर्म कम। वही पुण्यात्मा कहलाते हैं। पाप कर्म का फल दुःख होता है और पुण्य कर्म का फल सुख होता है। बन्ध दशा में ही लोग पाप और पुण्य के फलों को भोगते हैं। पुण्य का फल मीठा लगता है और पाप फल कडुवा लगता है। केवल ध्यानयोग से ही पापों से बच सकते हैं। युधिष्ठिर जी झूठ बोले थे। उनको भी पाप का फल भोगना पड़ा। थोड़ा भी पाप किए हैं तो उसका फल भी भोगना ही पड़ेगा। सिर्फ तीर्थ-दान करने से ही कोई पाप के फल से नहीं बच सकता है। श्रद्धा चाहिए, परन्तु अन्धी श्रद्धा नहीं। -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज
संकलन: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

वह कुल बहुत उत्तम है | Vah kull {Khaandaan} bahut uttam hai | Maharshi Mehi Paramhans Ji Maharaj | Santmat Satsang | Kuppaghat-Bhagalpur



वह कुल बहुत उत्तम है!

अन्तर में चलने के लिए भोजन पवित्र होना चाहिए। मांस-मछली का तो कहना ही क्या? आपलोगों को पहले से ही मालूम है, जिस-जिस कुल में मांस-मछली खाने का चलन नहीं है, वह कुल बहुत उत्तम है। नशा में अपव्यय, अपवित्रता और रोग है। चावल को धोकर भी खाते हैं; किंतु तंबाकू को बिना धोए ही मुँह में डालते हैं। कोई भी नशा अच्छा नहीं है, इससे रोग उत्पन्न होते हैं। इसको नहीं खाना चाहिए। जो खाते हो, उन्हें छोड़ देना चाहिए। इसके अतिरिक्त और नशा है- 

मद तो बहुतक भाँति का, ताहि न जानै कोय। 
तनमद मनमद जातिमद, मायामद सब लोय।। 
विद्यामद और गुणहु मद,  राजमद उनमद्द। 
इतने मद को रद्द करै, तब  पावै अनहद।।
   -कबीर साहब 

तानसेन से बैजूबाबरा गाने में विशेष था। अकबर के दरबार में तानसेन रहता था। वह गाने-बजाने में बहुत प्रवीण था। वह अकबर से हुक्म दिला दिया कि दिल्ली में कोई गाना गाने न पावे। जो गावे, उसको सजा मिल जाती थी। बैजूबाबरा जान-बूझकर शहर में गाना गाने लगा। गिरफ्तार करके दरबार में लाया गया। तानसेन से उसका मुकाबला हुआ। तानसेन हार गया। भगवान बुद्ध का वचन है- ‘किसी से वैर मत करो। जो तुमसे वैर करता है, उससे प्रेम करो। वैर पर ख्याल मत करो। वह पीछे तुम्हारा मित्र बन जाएगा।’ इसी तरह जीवन जीना चाहिए। -संत सद्गुरु महर्षि मेँहीँ परमहंस जी महाराज
संकलन: शिवेन्द्र कुमार मेहता, गुरुग्राम

ईश्वर में प्रेम | सदा ईश्वर में प्रेम रखो | सत्संग भजन करते रहो इसी में कल्याण है | Maharshi Mehi | Santmat Satsang | यहाँ सब कोई मुसाफिर हैं, फिर भी कहते हैं कि मेरा घर है।

ईश्वर में प्रेम  प्यारे लोगो!  संतों की वाणी में दीनता, प्रेम, वैराग्य, योग भरे हुए हैं। इसे जानने से, पढ़ने से मन में वैसे ही विचार भर जाते...